बिहार के इन लोगों के लिए इलेक्ट्रिक बस चलवाएगी सरकार, पटना में सफर होगा आसान

Bihar: बिहार सरकार 18 मई से सचिवालय कर्मियों के लिए विशेष इलेक्ट्रिक और पिंक बस सेवा शुरू कर रही है. पटना के कई प्रमुख इलाकों से सीधी बस सुविधा मिलेगी. इसका मकसद ट्रैफिक कम करना, पेट्रोल-डीजल बचाना, महिला सुरक्षा बढ़ाना और सरकारी कर्मचारियों को सस्ता, सुरक्षित सफर देना है.

Bihar: बिहार में सरकारी कर्मचारियों के लिए अब सचिवालय आना-जाना पहले से ज्यादा आसान होने वाला है. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम 18 मई से सचिवालय कर्मियों के लिए विशेष इलेक्ट्रिक और पिंक बस सेवा शुरू करने जा रहा है. सरकार का मकसद है कि ज्यादा से ज्यादा कर्मचारी निजी गाड़ी छोड़कर सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें, ताकि पटना की सड़कों पर ट्रैफिक कम हो और पेट्रोल-डीजल की बचत हो सके.

परिवहन विभाग के मुताबिक अभी बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारी अपनी कार, बाइक या दूसरे निजी वाहनों से सचिवालय पहुंचते हैं. इससे ट्रैफिक जाम बढ़ता है और ईंधन की खपत भी ज्यादा होती है. नई बस सेवा शुरू होने के बाद कर्मचारियों को सुरक्षित, समय पर और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा. इससे सड़क पर निजी वाहनों की संख्या कम होगी और पर्यावरण को भी फायदा पहुंचेगा.

पटना में पहले से चल रही 25 इलेक्ट्रिक बसों का होगा बेहतर इस्तेमाल

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम पहले से पटना शहर में 25 इलेक्ट्रिक बसें चला रहा है. अब इन्हीं बसों को सचिवालय कर्मियों की सुविधा के लिए खास रूट पर लगाया जाएगा. इलेक्ट्रिक बसों के इस्तेमाल से नो फ्यूल यानी बिना पेट्रोल-डीजल वाली यात्रा को बढ़ावा मिलेगा. इससे न सिर्फ खर्च घटेगा बल्कि प्रदूषण भी कम होगा.

मल्टी मॉडल हब पटना जंक्शन से विशेष इलेक्ट्रिक और पिंक बस सेवा शुरू होगी. यह बस आर ब्लॉक, इनकम टैक्स, विद्युत भवन, पटना हाईकोर्ट और बिहार म्यूजियम होते हुए नया और पुराना सचिवालय तक जाएगी. सुबह 8:30 बजे से सेवा शुरू होगी और शाम में वापसी बसें मिलेंगी.

दानापुर से आने वालों को राहत

दानापुर स्टेशन से चलने वाली बस सगुना मोड़, आरपीएस मोड़, गोला रोड, जगदेव पथ, आशियाना नगर, आईजीआईएमएस, शेखपुरा मोड़ और चिड़ियाघर होते हुए सचिवालय पहुंचेगी. इस रूट पर सुबह 8:15 बजे से बस सेवा उपलब्ध रहेगी.

धनुकी मोड़ से बस सेवा कुम्हरार, भूतनाथ रोड, एनएमसीएच, राजेंद्र नगर टर्मिनल, कंकड़बाग कॉलोनी मोड़, करबिगहिया स्टेशन और आर ब्लॉक होते हुए विकास भवन तक जाएगी. इससे पूर्वी पटना के कर्मचारियों को सीधा फायदा मिलेगा.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

कुर्जी और गांधी मैदान से भी चलेगी पिंक बस

कुर्जी से पिंक बस पी एंड एम मॉल, साईं मंदिर, पाटलिपुत्र कॉलोनी, एएन कॉलेज, बोरिंग रोड और हड़ताली मोड़ होकर सचिवालय पहुंचेगी. वहीं गांधी मैदान से डाकबंगला, इनकम टैक्स, नियोजन भवन, विद्युत भवन, हाईकोर्ट और बिहार म्यूजियम के रास्ते बसें चलेंगी.

महिला कर्मचारियों को ध्यान में रखते हुए शाम 5 बजे छुट्टी के समय भी विशेष पिंक बस सेवा उपलब्ध रहेगी, ताकि सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित हो सके.

यह नई व्यवस्था सिर्फ यात्रा सुविधा नहीं, बल्कि पटना में ट्रैफिक कंट्रोल, ईंधन बचत और स्वच्छ परिवहन की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है. अगर कर्मचारी बड़ी संख्या में इस सेवा का उपयोग करते हैं, तो आने वाले समय में राजधानी की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव दिख सकता है.

इसे भी पढ़ें: बिहार में 20, 21 और 22 मई को खराब रहेगा मौसम का हाल, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >