Bihar: बिहार को मिली एक और फोर लेन की सौगात, निर्माण पर खर्च होंगे 5500 करोड़

Bihar: केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी ने पटना-हरिहरगंज भाया औरंगाबाद एनएच 139 को फोरलेन बनाने की मंजूरी की घोषणा की.

Bihar: पटना-हरिहरगंज भाया औरंगाबाद एनएच 139 को फोरलेन बनाने की मंजूरी मिल गई है. इस फोरलेन के निर्माण पर 5500 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे. बोधगया में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी ने फोरलेन निर्माण के मंजूरी की घोषणा की. उन्होंने कहा कि औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह के आग्रह पर उन्होंने फोरलेन की मंजूरी दी है. पटना से झारखंड के हरिहरगंज तक यानी लगभग 155 किलोमीटर में फोरलेन का निर्माण होगा. लंबे अरसे से एनएच 139 को फोरलेन में बदलने की मांग हो रही थी. पूर्व सांसद सुशील ने कई दफे संसद में सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया था. उन्होंने कई केंद्रीय मंत्रियों से व्यक्तिगत तौर पर मिलकर भी यह मांग रखी थी.

लोगों को होगी सुविधा

एनएच 139 को फोर लेन में तब्दील हो जाने से पटना, अरवल दाउदनगर, ओबरा, औरंगाबाद, कुटुंबा, हरिहरगंज तक आवागमन में लोगों को सुविधा होगी. पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी का आभार जताया है. उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से पलामू, गढ़वा, औरंगाबाद व अरवल जिले के लोगों को पटना-डालटेनगंज आने-जाने में काफी सहूलियत होगी. व्यापार में भी काफी सुविधा मिलेगी. पटना-औरंगाबाद मुख्य मार्ग की गिनती राज्य के सबसे व्यस्त मार्गों में होती है. इस सड़क पर दिन-रात यात्री वाहनों से लेकर व्यावसायिक वाहनों और छोटे- बड़े वाहनों का आवागमन होते रहता है.

दुर्घटनाओं में आएगी कमी

वाहनों का परिचालन काफी अधिक बढ़ गया है. जिले के ओबरा, दाउदनगर और अंबा में जाम से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है. लगातार दुर्घटनाएं हो रही है. हर दूसरे दिन किसी न किसी व्यक्ति की जान जाती है. ऐसे में अगर एनएच फोरलेन में तब्दील हो जाता है तो आम लोगों को सहूलियत के साथ-साथ दुर्घटनाओं से भी राहत मिलेगी. लोगों का कहना है कि पटना- औरंगाबाद हाईवे के फोर लेन होने पर सबसे अधिक फायदा व्यवसायियों, नौकरीपेशा एवं विद्यार्थियों को होगा. नये-नये रोजगार के अवसरों में पंख लगेंगे. फिलहाल, औरंगाबाद से पटना जाने में यात्रियों को चार से पांच घंटे लग जाते हैं, जबकि अपने निजी वाहनों से लगभग साढे तीन घंटे लगते हैं. जाम लगने की स्थिति में तो छह से सात घंटे तक लग जाते हैं.

घोषणा पर जताई खुशी

औरंगाबाद जदयू के जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह ने एनएच 139 को फोरलेन में तब्दील करने की केंद्रीय मंत्री की घोषणा का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि औरंगाबाद जिले लंबे वक्त से इस फोरलेन का इंतजार कर रहा था. इसके लिए औरंगाबाद की जनता नितिन गडकरी को बधाई देती है.

इसे भी पढ़ें: शिक्षकों के ट्रांसफर पर नीतीश सरकार का बड़ा फैसला, अब फिर से दे सकेंगे आवेदन, जानें तिथि

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Paritosh Shahi

परितोष शाही पिछले 4 वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम का हिस्सा हैं. राजनीति, सिनेमा और खेल, विशेषकर क्रिकेट में उनकी गहरी रुचि है. जटिल खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना और बदलते न्यूज माहौल में तेजी से काम करना उनकी विशेषता है. परितोष शाही ने पत्रकारिता की पढ़ाई बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से की. पढ़ाई के दौरान ही पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को देखने, समझने और लोगों तक सही तरीके से पहुंचाने की सोच ने शुरुआत से ही इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. पत्रकारिता में करियर की पहली बड़ी शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान हुई, जब उन्होंने जन की बात के साथ इंटर्नशिप की. इस दौरान बिहार के 26 जिलों में जाकर सर्वे किया. यह अनुभव काफी खास रहा, क्योंकि यहां जमीनी स्तर पर राजनीति, जनता के मुद्दों और चुनावी माहौल को बहुत करीब से समझा. इसी अनुभव ने राजनीतिक समझ को और मजबूत बनाया. इसके बाद राजस्थान पत्रिका में 3 महीने की इंटर्नशिप की. यहां खबर लिखने की असली दुनिया को करीब से जाना. महज एक महीने के अंदर ही रियल टाइम न्यूज लिखने लगे. इस दौरान सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता कितनी जरूरी होती है. राजस्थान पत्रिका ने उनके अंदर एक मजबूत डिजिटल पत्रकार की नींव रखी. पत्रकारिता के सफर में आगे बढ़ते हुए पटना के जनता जंक्शन न्यूज पोर्टल में वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में भी काम किया. यहां कैमरे के सामने बोलना, प्रेजेंटेशन देना और वीडियो कंटेंट की बारीकियां सीखीं. करीब 6 महीने के इस अनुभव ने कैमरा फ्रेंडली बनाया और ऑन-स्क्रीन प्रेजेंस को मजबूत किया. 1 अप्रैल 2023 को राजस्थान पत्रिका को प्रोफेशनल तौर पर ज्वाइन किया. यहां 17 महीने में कई बड़े चुनावी कवरेज में अहम भूमिका निभाई. लोकसभा चुनाव 2024 में नेशनल टीम के साथ जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला. इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्टेट टीम के साथ मिलकर काम किया. इस दौरान चुनावी रणनीति, राजनीतिक घटनाक्रम और बड़े मुद्दों पर काम करने का व्यापक अनुभव मिला. फिलहाल परितोष शाही प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ जुड़े हुए हैं. यहां बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में ब्रेक किया, ग्राउंड से जुड़े मुद्दों पर खबरें लिखीं और वीडियो भी बनाए. बिहार चुनाव के दौरान कई जिलों में गांव- गांव घूम कर लोगों की समस्या को जाना-समझा और उनके मुद्दे को जन प्रतिनिधियों तक पहुंचाया. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और असरदार खबर पहुंचे. पत्रकारिता में लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और भरोसेमंद पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >