Bihar Rain Alert: बिहार में मौसम इन दिनों खुशनुमा बना हुआ है. दोपहर के वक्त धूप की वजह से गर्मी झेलनी पड़ रही है. लेकिन सुबह और शाम के वक्त मौसम सुहावना हो जा रहा है. इस बीच मौसम विभाग की ओर से अगले तीन दिनों तक राज्य में आंधी-बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है.
आज इन 19 जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आज 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. उन 19 जिलों में शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, वैशाली, समस्तीपुर, खगड़िया, कटिहार, मुंगेर, भागलपुर, जमुई और बांका शामिल है. बिगड़ते मौसम को देखते हुए लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है.
11 से 13 मई तक के लिए एडवाइजरी जारी
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि 11 मई से उत्तर बिहार के कई जिलों में मौसम बदलेगा. पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल और अररिया में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. तेज हवाएं भी चल सकती हैं. 12 मई को मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार और आसपास के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का खतरा ज्यादा रहेगा.
मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. 13 मई को कुछ इलाकों में मौसम थोड़ा शांत हो सकता है, लेकिन उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों में बारिश और तेज हवा का असर बना रह सकता है. कई जगहों पर बादल छाए रहेंगे और मौसम बदलता रहेगा. पटना समेत दक्षिण बिहार में भी आसमान में बादल रह सकते हैं.
रविवार को कैसा रहा मौसम?
रविवार को बिहार में गर्मी ने एक बार फिर लोगों की परेशानी बढ़ा दी. रविवार को राज्य के कई जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. सबसे अधिक तापमान कैमूर के भभुआ में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. उत्तर बिहार के जिलों में भी उमस भरी गर्मी का असर देखने को मिला. लेकिन अधिकतर जिलों में बारिश नहीं हुई. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है.
Also Read: विकास वैभव की वापसी, मगध रेंज की कमान संभालेंगे, पटना से गया तक चली तबादला एक्सप्रेस
