नीतीश के बाद कौन? क्या पहली बार बीजेपी के पास होगी बिहार की कमान, इन नामों पर टिकी नजरें

Bihar Next CM: नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद बिहार की राजनीति में नए बदलाव की चर्चा शुरू हो गई है. माना जा रहा है कि अब राज्य में बीजेपी का मुख्यमंत्री बन सकता है. इसी बीच पार्टी के कई नेताओं के नाम सीएम पद की दौड़ में सबसे आगे बताए जा रहे हैं.

Bihar Next CM: बिहार की राजनीति में एक युग का अंत हो रहा है और नए दौर की शुरुआत हो रही है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अब पटना की गद्दी छोड़कर दिल्ली यानी केंद्र की राजनीति में जाने का मन बना लिया है. उन्होंने राज्यसभा के लिए अपना पर्चा भर दिया है. इसका सीधा मतलब है कि अब बिहार में सत्ता की चाबी पहली बार पूरी तरह भारतीय जनता पार्टी के हाथों में आने वाली है.

क्या है सबसे बड़ा सवाल

मौजूदा स्थिति में सबसे बड़ा सवाल यह है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? बीजेपी अपने चौंकाने वाले फैसलों के लिए जानी जाती है. इस बार जो नाम चर्चा में हैं, उन्होंने सबको हैरान कर दिया है. सीएम की इस रेस में चार दिग्गज नेताओं के नाम सबसे आगे चल रहे हैं- सम्राट चौधरी, दिलीप जायसवाल, नित्यानंद राय और संजीव चौरसिया. ये चारों नेता ओबीसी समुदाय से आते हैं.

जातीय गणित का खेल

बिहार की राजनीति में जाति फैक्टर हमेशा से हावी रहा है. सम्राट चौधरी कोइरी समाज से आते हैं. इनका राज्य में बड़ा वोटबैंक है. नित्यानंद राय यादव समुदाय से हैं. यह बिहार की सबसे बड़ी आबादी वाला पिछड़ा वर्ग है. दिलीप जायसवाल कलवार और संजीव चौरसिया वैश्य समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं.

बीजेपी का प्लान

बीजेपी को पता है कि नीतीश कुमार के जाने के बाद उनके लव-कुश समीकरण और अति-पिछड़ा वोटबैंक को अपनी ओर खींचना जरूरी है. इसी से पार्टी का विस्तार हो पाएगा. अगर पार्टी किसी सवर्ण को मुख्यमंत्री बनाती है, तो विपक्षी दल इसे पिछड़ा विरोधी बताकर मुद्दा बना सकते हैं. इसीलिए, बीजेपी अपनी सवर्ण पार्टी वाली छवि को तोड़कर पिछड़ों और अति-पिछड़ों के बीच अपनी पैठ मजबूत करना चाहती है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

नीतीश की कमी कैसे होगी पूरी

नीतीश कुमार के रहते बीजेपी को कभी भी पिछड़ा वर्ग के नेतृत्व की चिंता नहीं करनी पड़ी, क्योंकि नीतीश खुद ओबीसी का बड़ा चेहरा थे. अब उनके जाने के बाद, बीजेपी को एक ऐसा चेहरा चाहिए जो नीतीश की कमी को पूरा कर सके और आने वाले चुनाव में एनडीए के समीकरण को अटूट बनाए रखे. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि बीजेपी इन चार नामों में से किसे ताज पहनाती है या फिर हमेशा की तरह कोई पांचवां सरप्राइज नाम सामने आता है.

इसे भी पढ़ें: नीतीश कुमार, नितिन नवीन समेत इन नेताओं ने दाखिल किया राज्यसभा के लिए नामांकन, अमित शाह रहे मौजूद

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >