Bihar News: बिहार के गया एयरपोर्ट पर ड्रग्स तस्करी के बड़े नेटवर्क का एक और खुलासा हुआ है. बैंकॉक से आई फ्लाइट में कस्टम टीम ने 8.5 किलोग्राम हाई क्वालिटी मारिजुआना (हाइड्रोपोनिक वीड) बरामद किया है.
इस मामले में एक थाई महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 8.5 करोड़ रुपये आंकी जा रही है, एक किलो की कीमत एक करोड़ तक बताई जा रही है.
थाईलैंड फ्लाइट से पकड़ा गया ड्रग्स कनेक्शन
यह कार्रवाई उस वक्त हुई जब बैंकॉक से आई फ्लाइट FD-122 के यात्रियों की जांच की जा रही थी. कस्टम अधिकारियों को चार बैग में छिपाकर लाया गया मारिजुआना मिला. गिरफ्तार आरोपियों में थाई नागरिक वासना बोंगको के अलावा राहुल मिश्रा, मो. सलीम, वसीम तैयब मेमन और तबरेज नफासत शामिल हैं.
हाइड्रोपोनिक वीड क्या है, क्यों है इतना महंगा
हाइड्रोपोनिक वीड, मारिजुआना की एक हाई-ग्रेड किस्म होती है, जिसे विशेष तकनीक से उगाया जाता है. इसकी गुणवत्ता और प्रभाव अधिक होने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत बेहद ज्यादा होती है, जिससे तस्करों के लिए यह बड़ा मुनाफे का सौदा बन जाता है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी मांग इतनी अधिक है कि इसके महज एक किलोग्राम की कीमत एक करोड़ रुपये से भी ज्यादा आंकी गई है.
लावारिस बैगों का राज
डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस और कस्टम विभाग की सक्रियता से इस साल जनवरी से अब तक 60.5 किलोग्राम मारिजुआना जब्त किया जा चुका है. इसकी कुल अंतरराष्ट्रीय कीमत 60 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है, जो इस नेटवर्क की गहराई को दर्शाता है. मंगलवार को एयरपोर्ट पर ‘अनक्लेम्ड’ (लावारिस) पड़े दो बैगों की जब जांच की गई, तो उनमें से भी 10 किलोग्राम मारिजुआना बरामद हुआ. यह लगेज 14 मार्च को थाई एयरवेज की फ्लाइट से आया था, लेकिन संभवतः पकड़े जाने के डर से किसी यात्री ने इसे क्लेम नहीं किया.
इससे पहले 7 जनवरी को भी डीआरआई ने 17 किलोग्राम और 28 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के एक तस्कर को 8.8 किलो मारिजुआना के साथ दबोचा था.
सुरक्षा एजेंसियों का चक्रव्यूह
लगातार हो रही इन बरामदगी के बाद गया एयरपोर्ट पर सुरक्षा के मानकों को और कड़ा कर दिया गया है. कस्टम विभाग, डीआरआई और सीआईएसएफ के बीच समन्वय बढ़ा दिया गया है ताकि बैंकॉक और अन्य अंतरराष्ट्रीय रूट से आने वाली उड़ानों की सघन जांच की जा सके. फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और नेटवर्क के अन्य कड़ियों को खंगाला जा रहा है.
Also Read: बिहार में पहली बार ग्रीन-टेक कॉनक्लेव, किसान सीखेंगे टेक्नोलॉजी बेस्ड खेती में नए प्रयोग
