Bihar New Government: बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव होने वाला है. नई सरकार बनने का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अगले हफ्ते किसी भी दिन अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं. इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए नेता का चुनाव किया जाएगा और नई सरकार का रास्ता साफ होगा.
दिल्ली पहुंचे सीएम
नीतीश कुमार गुरुवार को पटना से दिल्ली पहुंचे हैं. शुक्रवार को वे राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे. दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने साफ कहा कि अब वे दिल्ली में रहकर काम करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 20 साल से बिहार में काम कर रहे थे, लेकिन अब नई जिम्मेदारी निभाने का समय आ गया है. उन्होंने इशारा किया कि कुछ दिनों में पटना जाकर बाकी औपचारिकताएं पूरी कर देंगे और फिर नई टीम काम संभालेगी.
दिल्ली हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और अन्य जदयू नेताओं ने उनका स्वागत किया. उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता और मंत्री विजय कुमार चौधरी और संजय झा भी दिल्ली पहुंचे हैं. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी भाजपा की अहम बैठक में शामिल होने दिल्ली पहुंचे हैं.
विजय चौधरी ने क्या कहा
विजय चौधरी ने कहा कि राज्यसभा की शपथ के बाद नीतीश कुमार इस्तीफा देंगे और नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी. उन्होंने लोगों से दो-तीन दिन का इंतजार करने को कहा. उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में जो विकास मॉडल बना है, उसे आगे भी जारी रखा जाएगा.
दिल्ली में होगी चर्चा
दिल्ली में होने वाली भाजपा की कोर समिति बैठक में बिहार के नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा होगी. इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व मौजूद रहेंगे. नई सरकार के स्वरूप को लेकर भी मंथन होगा. संभावित फॉर्मूले की बात करें तो मुख्यमंत्री का पद भाजपा को मिल सकता है. जदयू के खाते में दो उपमुख्यमंत्री पद जाने की चर्चा है. इसके अलावा दोनों दलों के लगभग बराबर मंत्री हो सकते हैं. सहयोगी दल लोजपा (आर), हम और रालोमो को भी सीमित हिस्सेदारी मिलने की संभावना है. चर्चा यह भी है कि उपमुख्यमंत्री पद के लिए निशांत कुमार का नाम सामने आ सकता है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
टाइम लाइन जानिए
5 मार्च 2026 को नीतीश कुमार ने संसद में जाने की इच्छा जताई थी. उसी दिन उन्होंने राज्यसभा के लिए नामांकन किया. 16 मार्च को चुनाव जीतकर वे राज्यसभा पहुंचे. 30 मार्च को उन्होंने विधान परिषद की सदस्यता छोड़ी और अब 10 अप्रैल को राज्यसभा की शपथ लेने जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन? बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने सस्पेंस पर तोड़ी चुप्पी
बिहार में नई सरकार गठन का संभावित फॉर्मूला जानिए, जल्द खत्म होगा सस्पेंस
