Bihar Ka Mausam: बिहार के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदल गया है. पिछले कुछ दिनों से पड़ी रही गर्मी से राहत मिली है. गुरुवार को ही कई जिलों में मौसम ने करवट लिया. कहीं झमाझम बारिश हुई तो कहीं ठंडी हवाएं चलीं. मौसम विभाग की माने तो, शुक्रवार से 16 मार्च तक राज्य के अलग-अलग जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
आज इन 5 जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग की माने तो, आज बिहार के 5 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार शामिल है. मौसम विभाग ने इन जिलों में बादल गरजने और तेज बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना जताई है. बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क कर दिया गया है. खासकर किसानों से सावधानी बरतने की अपील की गई है.
बिहार में मौसम बदलने की वजह
बिहार में मौसम बदलने की वजह विभाग की ओर से यह बताई गई है कि राज्य में इस वक्त पश्चिमी हवाओं के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी का भी प्रकोप है. नमी और गर्मी की वजह से बादल बन रहे हैं. इस वजह से हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो रही है. पटना की बात करें तो, दो दिनों से बादलों की आवाजाही देखी जा रही है. धूप भी कम होने की वजह से उसका ज्यादा असर नहीं पड़ रहा.
बिहार में अगले 3 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की ओर से संभावना जताई गई है कि राज्य के अलग-अलग जिलों में 16 मार्च तक आंधी-पानी का दौर जारी रह सकता है. बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी और एक कमजोर ट्रफ लाइन के एक्टिव होने से अगले तीन दिनों तक राज्य के उत्तर और पूर्वी हिस्से में तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान तापमान में गिरावट भी हो सकती है.
