बिहार में 100 एकड़ में बनेगी डुमरी स्पोर्ट्स सिटी, इन खिलाड़ियों को मिलेगी सरकारी नौकरी, खेल मंत्री की बैठक में क्या-क्या हुआ?

Bihar News: बिहार में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर सरकार ने बड़ा रोडमैप तैयार किया है. 574 करोड़ रुपये की लागत से 100 एकड़ में डुमरी स्पोर्ट्स सिटी बनाई जाएगी. वहीं, नए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शुरू करने, खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने और राजगीर में अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की तैयारी पर भी जोर दिया गया है.

Bihar News: बिहार में खेल सुविधाओं को नई पहचान देने की तैयारी शुरू हो गई है. राज्य सरकार 100 एकड़ में डुमरी स्पोर्ट्स सिटी का निर्माण कराएगी. इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 574 करोड़ रुपये खर्च होंगे. प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा जा चुका है. खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने विभागीय समीक्षा बैठक में कहा कि डुमरी स्पोर्ट्स सिटी बिहार के खेल विकास का नया केंद्र बनेगी. इससे खेल प्रशिक्षण, खेल उद्योग और अन्य गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा.

गुजरात और ओडिशा मॉडल का किया गया अध्ययन

परियोजना को बेहतर तरीके से लागू करने के लिए दो अलग-अलग टीमों ने अहमदाबाद और ओडिशा के खेल ढांचे का अध्ययन किया है. सरकार चाहती है कि बिहार में भी आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित हों.

बैठक के दौरान की तस्वीर

15 जून से शुरू होंगे नए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

बैठक में फैसला लिया गया कि अरवल, मधेपुरा और किशनगंज में डिस्ट्रिक्ट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का संचालन 15 जून से शुरू होगा. यहां कबड्डी, बैडमिंटन और ताइक्वांडो के खिलाड़ियों को आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसके अलावा सिवान, मुंगेर और जमुई में फुटबॉल के उत्कृष्टता केंद्र विकसित किए जाएंगे.

खिलाड़ियों और कोच का चयन पूरा

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रन शंकरण ने बताया कि खिलाड़ियों का चयन और प्रशिक्षकों की पहचान पूरी हो चुकी है. सभी केंद्र शुरू करने की तैयारी भी पूरी कर ली गई है.

क्रिकेट खिलाड़ियों को भी मिल सकती है सरकारी नौकरी

बैठक में खिलाड़ियों को रोजगार देने पर भी चर्चा हुई. प्रस्ताव रखा गया कि बीसीसीआई द्वारा चुनी गई भारतीय पुरुष और महिला सीनियर क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को भी “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” योजना का लाभ दिया जाए. यदि प्रस्ताव मंजूर होता है तो ऐसे खिलाड़ियों को लेवल-9 की सरकारी नौकरी मिल सकेगी.

राजगीर में होगी भारत-न्यूजीलैंड रग्बी सीरीज

राज्य के खेल कैलेंडर की समीक्षा में बताया गया कि नवंबर 2026 में राजगीर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच रग्बी सीरीज आयोजित करने की तैयारी है. इसके अलावा राष्ट्रीय भाला फेंक दिवस, महिला भारोत्तोलन प्रतियोगिता और एफआईएच प्रो लीग जैसे बड़े आयोजनों की भी तैयारी चल रही है.

निर्माण में देरी हुई तो होगी कार्रवाई

विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह ने साफ कहा कि खेल परियोजनाओं में अनावश्यक देरी करने वाली एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

राजगीर स्टेडियम का काम तेजी से जारी

भवन निर्माण विभाग के अनुसार राजगीर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का पवेलियन तैयार हो चुका है. बाकी निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

5 हजार से ज्यादा खेल मैदान तैयार

बैठक में बताया गया कि राज्य की 4,700 पंचायतों में 5,266 खेल मैदान तैयार किए जा चुके हैं. बाकी पंचायतों में भी चरणबद्ध तरीके से खेल मैदान विकसित किए जाएंगे. सरकार का लक्ष्य है कि गांव से लेकर शहर तक खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं और अवसर मिल सकें.

Also Read: भाई वीरेंद्र हॉर्लिक्स तो सुनील सिंह मिठाई लेकर पहुंचे अस्पताल, शिवचंद्र राम को मनाने में जुटे राजद के बड़े नेता

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >