CM Samrat Choudhary Donate Salary For Flood Victims : बिहार के कई जिलों में बाढ़ की वजह से बड़ी आबादी प्रभावित है. सैकड़ों गांवों में लोगों के सामने खाने-पीने से लेकर रहने तक की परेशानी बनी हुई है. इस संकट के बीच बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष में अपनी एक महीने की सैलरी देने की घोषणा की है और इसका चेक भी सौंपा है.
सम्राट चौधरी ने राहत कोष में दी एक महीने की सैलरी
बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए सम्राट चौधरी ने अपनी एक महीने की सैलरी मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का फैसला लिया है. उनका कहना है कि इस मुश्किल समय में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए हर संभव सहयोग जरूरी है. सम्राट चौधरी लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा भी ले रहे हैं. इसके लिए उन्होंने नाव, हेलीकॉप्टर और ट्रैक्टर के जरिए प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया है.
WATCH VIDEO: दुर्गा-छठ पर बिहार आने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी, त्योहारों पर चलेगी 8 स्पेशल ट्रेनें, वीडियो में जानें रूट-तारीख
कई नेताओं ने भी दिया अपना वेतन
बाढ़ राहत के लिए दूसरे नेताओं की ओर से भी आर्थिक सहयोग किया गया है. बीजेपी नेता नितिन नवीन ने अपनी तीन महीने की सैलरी राहत कोष में देने की बात कही है. इसके अलावा जेडीयू और चिराग पासवान की पार्टी के नेताओं के साथ कई विधायकों ने भी अपनी सैलरी राहत कोष में जमा कराई है.
गांव-गांव राहत और बचाव का काम
बाढ़ प्रभावित इलाकों में सरकार की ओर से राहत कार्य चलाए जा रहे हैं. कई जगहों पर कम्युनिटी किचन के जरिए लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है. स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं, जबकि राहत शिविरों में भी प्रभावित लोगों को सुविधाएं दी जा रही हैं.
बाढ़ की वजह से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए कुछ इलाकों में अस्थाई पाठशालाएं भी चलाने की व्यवस्था की गई है.
2500 से ज्यादा गांव और 50 लाख से अधिक लोग प्रभावित
बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी केंद्रीय टीम के साथ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर चुके हैं. उनके अनुसार, बिहार में बाढ़ से 2500 से अधिक गांव और 50 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं. इसके साथ ही किसानों की हजारों एकड़ फसल को भी नुकसान पहुंचा है.
फिलहाल सरकार की ओर से राहत और बचाव अभियान जारी है और प्रभावित इलाकों में लोगों तक भोजन, स्वास्थ्य सुविधा और दूसरी जरूरी मदद पहुंचाने की कोशिश की जा रही है.