गया से बैंकॉक के लिए डायरेक्ट फ्लाइट, दो जिलों में बनेंगे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सम्राट कैबिनेट की बैठक में 13 एजेंडों पर लगी मुहर

Bihar Cabinet Decision: बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 13 अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी. गया से बैंकॉक सीधी उड़ान, सीमा सुरक्षा के लिए नया IG पद और तकनीकी शिक्षा विभाग में 53 नए पदों का सृजन जैसे बड़े फैसले लिए गए, जो राज्य के विकास को नई दिशा देने वाले माने जा रहे हैं.

Bihar Cabinet Decision: बिहार कैबिनेट की बैठक में 13 एजेंडों पर मुहर लगी है. खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है. अरवल में 6.81 एकड़ भूमि और औरंगाबाद में 13.09 एकड़ जमीन पर आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा. वहीं सहरसा के सलखुआ में 6.61 एकड़ क्षेत्र में आउटडोर स्टेडियम विकसित किया जाएगा. इन सभी परियोजनाओं को खेल विभाग द्वारा संचालित किया जाएगा, जिससे राज्य में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल सकेंगी.

गया से बैंकॉक सीधी उड़ान को मंजूरी

राज्य के अंतरराष्ट्रीय संपर्क को मजबूत करने के लिए गया से बैंकॉक के बीच सीधी उड़ान शुरू करने को हरी झंडी दी गई है. सरकार इस सेवा को शुरू करने के लिए एयरलाइन कंपनियों को आर्थिक सहायता भी देगी. यह कदम पर्यटन, व्यापार और वैश्विक कनेक्टिविटी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है.

औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा

बैठक में औद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए भी महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. नालंदा की पटेल वेयरहाउसिंग कंपनी को औद्योगिक प्रोत्साहन योजना के तहत 88 करोड़ रुपये की सहायता देने की मंजूरी मिली है. वहीं कैमूर की ईएसई एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड को भी निवेश प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी.

सीमा सुरक्षा के लिए नया IG बॉर्डर पद

राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है. इसके तहत सीमा सुरक्षा और खुफिया तंत्र को बेहतर बनाने के लिए IG बॉर्डर का नया पद बनाया जाएगा. इससे सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था और सख्त होगी.

तकनीकी शिक्षा विभाग में बड़ा बदलाव

विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा विभाग में भी बड़े सुधार किए गए हैं. विभाग के पुनर्गठन के साथ-साथ 53 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है. इससे तकनीकी शिक्षा प्रणाली को मजबूती मिलेगी और प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी.

जल प्रबंधन और विकास कार्यों को मिली गति

गया के डोभी क्षेत्र में जलाशय निर्माण और अन्य विकास कार्यों के लिए 428 करोड़ रुपये से अधिक की योजना को मंजूरी दी गई है. इससे क्षेत्र में जल संसाधन और सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी.

स्वास्थ्य और प्रशासनिक ढांचे में सुधार

पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 15वें वित्त आयोग से 747 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी करने की मंजूरी दी गई है. साथ ही विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा विभाग में पुनर्गठन के साथ 53 नए पदों के सृजन को भी हरी झंडी दी गई है.

कुल 13 एजेंडों पर लगी मुहर

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई इस कैबिनेट बैठक में कुल 13 अहम एजेंडों को मंजूरी दी गई. इन फैसलों को राज्य के विकास, रोजगार और बुनियादी ढांचे के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.

Also Read: पीएम की अपील के बाद बिहार में बदल रही मंत्रियों की सवारी, कोई ई-रिक्शा से पहुंच रहा दफ्तर तो कोई घटा रहा काफिला

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >