बिहार में सभी तरह के प्रतिबंध हटाये गये, सीएम नीतीश ने किया एलान

Bihar Breaking News : बिहार में आज की ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए बने रहें prabhatkhbar.com के साथ

Live Updates
8:41 PM. 12 Feb 22 8:41 PM. 12 Feb

बाढ़ व मोकामा थाने के थानाध्यक्ष बदले गये

पटना एसएसपी ने बाढ़ व मोकामा थाने के थानाध्यक्ष को बदल दिया है. बाढ़ थाने के थानाध्यक्ष संजीत कुमार को मोकामा का और मोकामा के थानाध्यक्ष राजनंदन को बाढ़ का थानाध्यक्ष बनाया गया है. विदित हो कि एसएसपी डॉ मानवजीत सिंह ने शुक्रवार को 173 एसआइ व एएसआइ को भी इधर से उधर कर दिया था.

8:41 PM. 12 Feb 22 8:41 PM. 12 Feb

बिहार में सभी तरह के प्रतिबंध हटाये गये

सीएम नीतीश कुमार ने एलान करते हुए कहा कि- ”कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति की आज समीक्षा की गई. कोरोना संक्रमण में लगातार आ रही कमी को देखते हुए 14 फरवरी से अगले आदेश तक सभी प्रकार के प्रतिबंधों को हटा लिया गया है. अब कोविड अनुकुल व्यवहार एवं निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुपालन के साथ सभी गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित होंगी. जिला पदाधिकारियों को स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यकतानुसार प्रतिबंध लगाने हेतु अधिकृत किया गया है.”

8:41 PM. 12 Feb 22 8:41 PM. 12 Feb

जहानाबाद : माओवादियों से जुड़े नेटवर्क को खंगालने हुलासगंज पहुंची एनआइए की टीम

जहानाबाद. एनआइए की टीम ने शनिवार की अहले सुबह हुलासगंज थाना क्षेत्र के चार अलग-अलग गांवों में माओवादियों से जुड़े ठिकानों पर अचानक छापेमारी अभियान चलाया. इसमें गुप्त सूचना के आधार पर नामित लोगों के घरों की तलाशी ली गयी.

8:41 PM. 12 Feb 22 8:41 PM. 12 Feb

ईशान किशन 15 करोड़ से अधिक में मुम्बई इंडियंस के साथ

बिहार के रहने वाले क्रिकेटर ईशान किशन मुम्बई इंडियंस के लिए आईपीएल में खेलेंगे. उन्हें 15 करोड़ 25 लाख रुपए में मुम्बई इंडियंस ने अपने खेमे में लिया. आईपीएल के महंगे खिलाड़ियों की लिस्ट में ईशान का नाम शामिल हुआ है.

8:41 PM. 12 Feb 22 8:41 PM. 12 Feb

डॉ तनवीर हसन बिहार प्रदेश राजद के राज्य निर्वाचन पदाधिकारी मनोनीत

राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी उदय नारायण चौधरी द्वारा ने पूर्व विधान पार्षद डॉ तनवीर हसन को बिहार प्रदेश राजद का राज्य निर्वाचन पदाधिकारी मनोनीत किया.

8:41 PM. 12 Feb 22 8:41 PM. 12 Feb

अरवल और नालंदा में भी एनआइए की छापेमारी

अरवल और नालंदा में भी एनआइए की छापेमारी हुई है. अरवल में परियारी पंचायत के मुखिया के घर में छापेमारी की जा रही है. मुखिया के पति नक्सली के बड़े नेता रह चुके हैं. वहीं नालंदा में नक्सली के घर से हथियार भी बरामद हुआ है.

8:41 PM. 12 Feb 22 8:41 PM. 12 Feb

वैशाली एक्सप्रेस में आग

सिवान में 12553 वैशाली एक्सप्रेस में आग लग गयी. समय रहने आग पर काबू पा लिया गया और किसी भी तरह की अनहोनी की घटना टल गयी. करीब आधे घंटे तक ट्रेन को खड़ा रखना पड़ा. हादसा दारौंदा-चेनवा के बीच हुआ है.

8:41 PM. 12 Feb 22 8:41 PM. 12 Feb

5 जिलों में एनआईए की ताबड़तोड़ छापेमारी

बिहार के 5 जिलों में एनआईए की ताबड़तोड़ छापेमारी हुई है. औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद, अरवल और गया में नक्सलियों के खिलाफ छापेमारी की गयी.

8:41 PM. 12 Feb 22 8:41 PM. 12 Feb

रांची के लिए रवाना होंगे लालू यादव

राजद सुप्रीमो लालू यादव रांची के लिए रवाना होंगे. उनके साथ तेज प्रताप यादव व मीसा भारती भी मौजूद रहेंगे. लालू यादव 15 फरवरी को चारा घोटाला के एक मामले में कोर्ट में पेश होंगे. राजद सुप्रीमो 13 फरवरी को रांची पहुंचेंगे.

8:41 PM. 12 Feb 22 8:41 PM. 12 Feb

राजद का सदस्यता अभियान

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव इन दिनों पटना में हैं. राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद अब राजद ने सदस्यता अभियान की शुरुआत की है. आरजेडी सुप्रीमो ने इसकी शुरुआत कराई है. लालू यादव अपने हर आयोजन को कुछ अलग अंदाज में शुरू कराते हैं और सदस्यता अभियान शुरू करने से पहले भी राबड़ी आवास में मछली लाया गया. कहा जा रहा है कि मछली -भात खाकर लालू यादव ने इस अभियान को शुरू किया.

2:41 PM. 12 Feb 22 2:41 PM. 12 Feb

शराब पी कर हंगामा कर रहा आरोपित गिरफ्तार

पटना के श्रीकृष्णापुरी थाने की पुलिस ने शराब पी कर हंगामा कर रहे दुजरा निवासी छोटू को गिरफ्तार कर लिया. इसके पास से शराब भी बरामद की गयी है. इधर, होम डिलिवरी करने वाला एक युवक अपनी बाइक को छोड़ कर भाग गया. उसकी बाइक से पुलिस ने 20 पीस टेट्रा पैक बरामद किया गया है.

2:41 PM. 12 Feb 22 2:41 PM. 12 Feb

तीन साल से एक ही थाने में रहे 173 एसआई व एएसआई का तबादला

पटना जिले में तीन साल से एक ही थाने में पदस्थापित 173 एसआई और एएसआई का तबादला कर दिया गया है. उन्हें दूसरे थानों में भेजा गया है. जानकारी के अनुसार, हाल में ही रेंज आईजी के स्तर पर पटना व नालंदा जिलों के 1600 कांस्टेबल को इधर-से-उधर किया गया था. इसके बाद एसएसपी डॉ मानवजीत सिंह ढिल्लों ने पटना जिले के एसआई व एएसआई के संबंध में समीक्षा की, तो पाया कि 176 एसआई व एएसआई तीन साल से अधिक समय से एक ही थाने में पदस्थापित हैं. एसएसपी ने सभी का तबादला कर दिया.

2:41 PM. 12 Feb 22 2:41 PM. 12 Feb

नालंदा में अपराधियों ने एक व्यक्ति को मारी गोली 

नालंदा जिले के गोखुलपुर थाना क्षेत्र के भाता गांव में अपराधियों ने मॉर्निंग में निकले एक व्यक्ति को गोली मारकर हत्या कर दी. जानकारी के अनुसार भाथा गांव निवासी शेखर यादव मॉर्निंग वॉक में निकले थे. इसी दौरान पहले से घात लगाये अपराधियों ने गोली मारकर फरार हो गये. स्थानीय लोगों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

2:41 PM. 12 Feb 22 2:41 PM. 12 Feb

बांका में बारातियों से भरी एक स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त, सात घायल

बांका से बड़ी खबर सामने आ रही है. बारातियों से भरी एक स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गयी जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये. यह घटना बांका जिले के सुईया-बेलहर मुख्य मार्ग की है जहां शनिवार सुबह एक स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे पेड़ में जोरदार टक्कर मार दी. इस घटना में चालक समेत 7 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आ रही है. घायलों की हालत गंभीर बतायी जा रही है. नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद सभी को भागलपुर रेफर किया गया.

2:41 PM. 12 Feb 22 2:41 PM. 12 Feb

लिफ्ट ठीक कर रहे गार्ड की गिरने से मौत

गांधी मैदान थाना क्षेत्र स्थित आधारशिला कॉम्प्लेक्स में एक गार्ड की लिफ्ट रिपेयर करने के दौरान गिर कर मौत हो गयी है. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में लोग जुट गये और पुलिस भी पहुंच गयी. मृतक पप्पू सिंह सालिमपुर अहरा के गली नंबर 3 के रहने वाले थे और आधारशिला कॉम्प्लेक्स में 30 वर्षों से काम कर रहे थे. लोगों की मानें, तो वे लिफ्ट को रिपेयर कर रहे थे. इस दौरान दोपहर में गिर कर मौत हो गयी.

2:41 PM. 12 Feb 22 2:41 PM. 12 Feb

जहानाबाद, नावादा और औरंगाबाद में नक्सलियों के खिलाफ छापेमारी

नक्सलियों के खिलाफ जहानाबाद, गया, नावादा और औरंगाबाद में छापेमारी जारी है. NIA की टीम ने भाकपा माओवादी के पोलित ब्यूरो सदस्य प्रमोद मिश्रा और कुख्यात नक्सली कमांडर संदीप यादव के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. सहदेव यादव के घर भी एनआईए की टीम पहुंची है.

2:41 PM. 12 Feb 22 2:41 PM. 12 Feb

टीपीएस कॉलेज के नाम पर जारी होगा डाक टिकट

पटना शहर स्थित पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के टीपीएस कॉलेज को अब लोग पूरे विश्व में जानेंगे और इससे जुड़ी यादों को सहेजेंगे भी. डाक विभाग कॉलेज के नाम से विशेष आवरण वाला डाक लिफाफा और डाक टिकट जारी करने जा रहा है. इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गयी हैं. मार्च में कार्यक्रम करा कर लिफाफा और डाक टिकट लोगों के लिए समर्पित किया जायेगा.

2:41 PM. 12 Feb 22 2:41 PM. 12 Feb

शिक्षकों ने मूल्यांकन कार्य का किया बहिष्कार

दानापुर. शाहपुर स्थित सियाराम सिंह उच्च विद्यालय के शिक्षकों ने कॉपी मूल्यांकन की पारिश्रमिक बढ़ाने की मांग को लेकर कार्य का बहिष्कार करते हुए स्कूल में प्रदर्शन किया. कॉपी मूल्यांकन कर रहे शिक्षक आदित्य प्रकाश आदि ने बताया कि 30 से 40 नंबर के कॉपी जांच करने के लिए सिर्फ 12 रुपये ही पारिश्रमिक राशि दी जाती है. शिक्षकों ने बताया कि रहने के लिए 400 रुपये और 20 रुपये खाना खाने के लिए दिये जाते हैं. इतनी राशि से हमलोगों का गुजारा नहीं हो रहा है.

2:41 PM. 12 Feb 22 2:41 PM. 12 Feb

कुरथौल में ज्वेलर्स दुकान से चोरों ने उड़ाये 10 लाख के जेवर

फुलवारीशरीफ के परसा बाजार थाना के कुरथौल बाजार स्थित एक ज्वेलर्स दुकान से गुरुवार की रात चोरों ने करीब 10 लाख के सोने-चांदी के जेवरात उड़ा ले गये. जैक लगाकर चोरों ने दीवार तोड़ शटर उखाड़ डाला और दुकान में घुस गये. बेखौफ चोरों ने ज्वेलरी दुकान के शोकेस खाली करने के साथ वहां रखी तिजोरी लेकर फरार हो गये. ज्वेलरी दुकानदार मनोज की पत्नी अंजली देवी ने परसा बाजार थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करा कर न्याय की गुहार लगायी है.

2:41 PM. 12 Feb 22 2:41 PM. 12 Feb

पालीगंज में बाइक शोरूम की छत उखाड़ 16 लाख नकद ले उड़े चोर

पालीगंज थाना क्षेत्र के महाबलीपुर बाजार स्थित हीरो मोटरसाइकिल शोरूम के छत में लगे लोहे के करकट को उखाड़ कर चोरों ने गुरुवार की रात लाखों रुपये और सुरक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरा का डीवीआर व अन्य सामान लेकर फरार हो गए. पीड़ित ने थाने में इसकी लिखित शिकायत दर्ज करायी है. पीड़ित के अनुसार शोरूम की दुकानदारी समेत कुल मिलाकर 16 लाख 90 हजार रुपये रखा हुआ था. शुक्रवार की सुबह जब वे शो रूम पहुंचे तो देखा कि छत का करकट उखाड़ कर दुकान में रखे 16 लाख 90 हजार रुपये, दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर, इन्वर्टर, बैटरी व अन्य सामान गायब है.

11:40 AM. 12 Feb 22 11:40 AM. 12 Feb

24 डॉक्टरों का किया गया तबादला

पटना. स्वास्थ्य विभाग ने राज्य में पांच जिलों में नये सिविल सर्जनों सहित 24 डॉक्टरों के स्थानांतरण की अधिसूचना जारी कर दी है. विभाग ने मुजफ्फरपुर के सिविल सर्जन डॉ विनय कुमार शर्मा को प्रोन्नति देते हुए स्वास्थ्य विभाग में अपर निदेशक के पद पर पदस्थापित किया है. जिन जिलों में नये सिविल सर्जनों की तैनाती की गयी है उनमें डॉ संजय कुमार चौधरी को समस्तीपुर का सिविल सर्जन, डॉ शैलेंद्र कुमार झा को शिवहर का सिविल सर्जन, डॉ वीरेंद्र कुमार को मुजफ्फरपुर का सिविल सर्जन, डॉ रवींद्र कुमार को बांका का सिविल सर्जन और डॉ राय कमलेश्वर नाथ सहाय को अरवल का सिविल सर्जन बनाया गया है.

मुख्य बातें

Bihar Breaking News : बिहार में आज की ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए बने रहें prabhatkhbar.com के साथ

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >