BPSC TRE-4 Teacher Recruitment: बिहार में शिक्षक भर्ती के चौथे चरण यानी TRE-4 को लेकर जारी इंतजार के बीच शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि शिक्षक अभ्यर्थी अपनी तैयारी जारी रखें. बहुत जल्द अच्छी खबर मिलने वाली है. मंत्री ने कहा कि भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी होगा और इसके लिए तैयारी तेज कर दी गई है.
मुख्यमंत्री के निर्देश पर विभाग ने तेज की तैयारी
शिक्षा मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षा विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया है कि TRE-4 भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए. विभाग इस दिशा में तेजी से काम कर रहा है ताकि जल्द से जल्द अधिसूचना जारी की जा सके. उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि अभ्यर्थियों का इंतजार ज्यादा लंबा न हो और प्रक्रिया समय पर शुरू कर दी जाए.
मिथिलेश तिवारी ने यह भी साफ किया कि सरकार सिर्फ TRE-4 तक सीमित नहीं है, बल्कि लाइब्रेरियन और कंप्यूटर शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर भी गंभीर है. विभाग को डिजिटल लाइब्रेरी और ई-लाइब्रेरी विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं. सरकार चाहती है कि छात्रों को पारंपरिक पढ़ाई के साथ आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा भी मिले.
TRE-4 विज्ञापन में देरी पर पटना में हुआ था बड़ा प्रदर्शन
TRE-4 विज्ञापन जारी नहीं होने से नाराज शिक्षक अभ्यर्थियों ने हाल ही में पटना में जोरदार प्रदर्शन किया था. बड़ी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई थी. इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया, जिसमें कई अभ्यर्थी घायल हो गए. इस घटना के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी काफी गरमा गया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
तेजस्वी यादव ने सरकार पर बोला हमला
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि सत्ता पक्ष अपने परिवार के लोगों को मंत्री बना रहा है, लेकिन नौकरी मांग रहे युवाओं पर लाठियां चलवाई जा रही हैं. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले TRE-4 भर्ती का वादा किया गया था, लेकिन सरकार बनने के महीनों बाद भी विज्ञापन जारी नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि बिहार के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है.
TRE-4 को लेकर शिक्षा मंत्री के बयान के बाद अब लाखों अभ्यर्थियों की नजर आधिकारिक नोटिफिकेशन पर टिक गई है. लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं को उम्मीद है कि सरकार जल्द विज्ञापन जारी कर प्रक्रिया शुरू करेगी.
इसे भी पढ़ें: बिहार के बीच से गुजरेगा नया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, 2028 तक पूरा होगा काम, सिर्फ 6 घंटे में वाराणसी से कोलकाता
