राबड़ी देवी को खाली करना होगा आवास, बिहार सरकार ने जारी किया आदेश, जानिए अब इस बंगले में कौन रहेगा

Rabri Devi: राबड़ी देवी के आवास को खाली करने का आदेश जारी कर दिया गया है. 10 सर्कुलर रोड स्थित यह बंगला अब बिहार सरकार के मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया गया है.

Rabri Devi: बिहार की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. लंबे समय से आरजेडी और लालू परिवार की राजनीतिक पहचान माने जाने वाले 10 सर्कुलर रोड आवास का आवंटन अब बदल दिया गया है. भवन निर्माण विभाग ने यह सरकारी आवास मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया है. इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को आवास खाली करने का नोटिस भी जारी किया गया है.

राबड़ी देवी को मिला नया सरकारी आवास

सरकारी आदेश के मुताबिक अब राबड़ी देवी को 39, हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया गया है. वहीं डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंदकिशोर राम को 10 सर्कुलर रोड का बंगला दिया गया है.

बिहार की राजनीति का चर्चित पता रहा है 10 सर्कुलर रोड

पटना का 10 सर्कुलर रोड पिछले करीब 20 वर्षों से बिहार की राजनीति का बेहद चर्चित पता माना जाता रहा है. यह आवास लंबे समय तक राबड़ी देवी और लालू यादव के राजनीतिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र रहा. आरजेडी के कई अहम फैसले और बैठकों का गवाह भी यही बंगला रहा है. इसी वजह से अब इस आवास का नए मंत्री को आवंटन राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है.

भवन निर्माण विभाग ने जारी किया आदेश

भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सक्षम प्राधिकार की मंजूरी के बाद यह आवास आवंटन किया गया है. आदेश पर संयुक्त सचिव-सह-भू-संपदा पदाधिकारी के हस्ताक्षर भी हैं. विभाग ने इस आदेश की कॉपी मुख्यमंत्री सचिवालय, मंत्रिमंडल सचिवालय और संबंधित विभागों को भी भेज दी है. अब आवास हस्तांतरण और अन्य औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने क्या कहा?

इस मामले पर राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा है कि यह आवास लगभग 20 वर्षों से अधिक समय से आवंटित था, लेकिन अब अचानक इसे किसी अन्य के नाम पर दे दिया गया है. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थिति आ गई है, जब विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को आवास खाली करने का नोटिस दिया जा रहा है.

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता पक्ष के लोग अपनी ताकत का प्रदर्शन करना चाहते हैं. उनका कहना था कि यह निर्णय नहीं, बल्कि सत्ता के दबाव में लिया गया कदम है. राजद प्रवक्ता ने यह भी कहा कि राबड़ी देवी और उनकी पार्टी को जानबूझकर अपमानित करने के उद्देश्य से यह आवंटन किया गया है. उन्होंने इसे ओछी और घृणित राजनीति करार दिया.

Also Read: बिहार में आंधी-बारिश से तबाह हुई फसलें, किसानों को राहत देगी सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया आदेश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >