Anant Singh: (सत्येंद्र पांडेय) मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह, गायक गुंजन सिंह और उनके समर्थकों पर दर्ज एफआईआर मामले में जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार सिंह की अदालत में अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई हुई. बचाव पक्ष से पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता कुमार हर्षवर्धन और सिविल कोर्ट के वरीय अधिवक्ता राजेश पाठक ने अपना पक्ष रखा.
वकील ने अपने पक्ष में क्या कहा?
इस दौरान उन्होंने कोर्ट को बताया कि जिस कार्यक्रम में अनंत सिंह शामिल हुए थे, उसमें फायरिंग नहीं हुई थी बल्कि दूसरी जगह जीत के जश्न में हथियार लहरा कर लोग डांस कर रहे थे, जिससे अनंत सिंह का कोई लेना देना नहीं था. वकील ने यह भी बताया कि वीडियो को एडिट करके राजनीतिक प्रतिद्वंता में उसे वायरल किया गया है.
बुधवार को होगी सुनवाई
जानकारी के मुताबिक, कोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे लगाने और जमानत अर्जी को मंजूर करने की अपील की गई. कोर्ट ने इस मामले को एमपी एमएलए स्पेशल कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया, जहां अब अग्रिम जमानत पर बुधवार को सुनवाई होनी है. गिरफ्तारी स्टे पर अभी कोर्ट का कोई निर्णय नहीं आया है, उसे कोर्ट ने सुरक्षित रखा है.
जानिए पूरा मामला
मीरगंज थाना इलाके के सेमराव गांव में कुख्यात अपराधी रहे गुड्डू राय के घर जनेऊ के कार्यक्रम में अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ 2 और 3 मई को शामिल हुए थे. इस कार्यक्रम के दौरान अश्लील गीत के साथ हथियार लहराते हुए डांसर के साथ ठुमका लगाने का वीडियो वायरल हुआ था. सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में प्रतिबंधित हथियार होने की आशंका जताई गई है.
इस मामले में मीरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई. मीरगंज थाने में नौ लोगों को नामजद अभियुक्त बनाते हुए दर्ज प्राथमिक में पुलिस हाई लेवल जांच कर रही है. पुलिस कप्तान विनय तिवारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वायरल वीडियो को एफएसएल जांच के लिए भेजा है, ताकि वीडियो और हथियारों की प्रमाणिकता की पुष्टि हो सके.
Also Read: पटना के बांकीपुर में बनेगा 5 स्टार ताज होटल, यहां शिफ्ट होगा बस स्टैंड, पर्यटन मंत्री ने क्या बताया?
