Patna News: धनरूआ थाना क्षेत्र के एक गांव में स्थित किराना दुकान में अकेली मौजूद नाबालिग किशोरी के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है. इस संबंध में किशोरी की मां ने गांव के एक युवक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
सिगरेट लेने के बहाने दुकान में पहुंचा युवक
प्राथमिकी के अनुसार, घटना बीते देर शाम की है. किशोरी की मां घर में खाना खाने चली गयी थी और दुकान में उनकी 13 वर्षीय पुत्री अकेली मौजूद थी. आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी सिद्धेश्वर रविदास का 20 वर्षीय पुत्र शैलेश कुमार दुकान में पहुंचा और नाबालिग से अश्लील बातें करने लगा. पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि युवक ने जबरदस्ती संबंध बनाने की बात कही. किशोरी के शोर मचाने पर उसकी मां मौके पर पहुंच गयी, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला.
पहले भी करता था अश्लील हरकतें
किशोरी की मां का आरोप है कि आरोपी युवक स्कूल आते-जाते समय भी उनकी पुत्री से गंदी बातें करता था और अश्लील इशारे करता था. इस संबंध में आरोपी के घर शिकायत भी की गयी थी, लेकिन उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ.
मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
धनरूआ थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि छेड़खानी का मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और उसकी तलाश जारी है.
