•महाअभियान में अभी तक 18 लाख 20 हजार 833 आवेदन आ चुके हैं संवाददाता, पटना राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के राजस्व महाअभियान के तृतीय चरण को लेकर गुरुवार को विभागीय समीक्षा बैठक में आवश्यकता पड़ने पर अंचल स्तर पर शिविर लगाने का आदेश दिया गया. अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह और सचिव जय सिंह की अध्यक्षता में सभी जिलों के अपर समाहर्ताओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महाअभियान को लेकर विस्तृत चर्चा हुयी. बैठक में रैयतों के बीच प्रपत्र वितरण और शिविर संचालन की प्रगति पर विशेष विमर्श किया गया. बैठक में लिये गये निर्णयों के अनुसार प्रत्येक शिविर में रैयतों के आवेदनों के पंजीकरण कार्य के लिए न्यूनतम पांच मानवबल को सीएससी से अनिवार्य रूप से प्रतिनियुक्त किया जायेगा. साथ ही यह सुनिश्चित किया गया है कि शिविर प्रभारी और सभी कर्मी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से अपराह्न पांच बजे तक शिविर स्थल पर हर हाल में उपस्थित रहेंगे. इस दौरान जरूरत पड़ने पर 20 सितंबर 2025 से पहले पंचायत स्तर पर अतिरिक्त शिविर और अंचल स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किये जा सकते हैं. आम रैयतों की सुविधा और समस्याओं के समाधान के प्रति विश्वास जगाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है. विभागीय अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि तृतीय चरण की सफलता के लिए सभी स्तरों पर लगातार निगरानी एवं पर्यवेक्षण अनिवार्य रूप से किया जायेगा. जमाबंदी सुधार के सबसे अधिक आवेदन राजस्व महाअभियान में अभी तक 18 लाख 20 हजार 833 आवेदन आ चुके हैं. इनमें जमाबंदी में सुधार के लिए सबसे अधिक 13 लाख 82 हजार 141 आवेदन आये हैं. जमाबंदी ऑनलाइन करने के लिए 2 लाख 50 हजार 146, उत्तराधिकार नामांतरण के लिए एक लाख एक हजार 338 आवेदन और बंटवारा नामांतरण के लिए 87 हजार 208 आवेदन आये हैं. राजस्व महाअभियान के दौरान हलका स्तर पर शिविर लगाकर जमाबंदी में त्रुटि सुधार, ऑफलाइन जमाबंदी को ऑनलाइन करने, उत्तराधिकार नामांतरण व बंटवारा नामांतरण के आवेदन लिये जा रहे हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
