बिहार विधानसभा : पीएम पर मंत्री मस्तान की टिप्पणी पर दोनों सदनों में हंगामा, विपक्ष ने टेबुल पलटा, फेंकीं कुरसियां

पटना : प्रधानमंत्री के खिलाफ उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री अब्दुल जलील मस्तान की कथित टिप्पणी को लेकर विपक्ष ने बुधवार को विधानमंडल के अंदर और बाहर जम कर हंगामा किया. इस दौरान दोनों सदनों में विपक्ष ने वेल पर आकर रिपोर्टिंग टेबुल को उलट दिया और कुरसियां फेंकीं. कागज भी लहराये और जम कर […]

पटना : प्रधानमंत्री के खिलाफ उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री अब्दुल जलील मस्तान की कथित टिप्पणी को लेकर विपक्ष ने बुधवार को विधानमंडल के अंदर और बाहर जम कर हंगामा किया. इस दौरान दोनों सदनों में विपक्ष ने वेल पर आकर रिपोर्टिंग टेबुल को उलट दिया और कुरसियां फेंकीं. कागज भी लहराये और जम कर नारेबाजी की. इसके कारण दोनों सदनों की कार्यवाही नहीं चल सकी.

मंत्री मस्तान का एक वीडियो क्लिप वायरल हुआ है, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में विवादित बयान देते सुने जा रहे हैं. मंत्री अपने समर्थकों को कह रहे हैं कि पीएम को जूते मारें. इसके बाद उनके समर्थक पीएम की तसवीर पर जूते बरसा रहे हैं. विधानसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे जैसे ही शुरू हुई, इस मुद्दे को सबसे पहले नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार ने उठाया. इसके बाद सभी सदस्यों ने उनका साथ देते हुए जोरदार हंगामा शुरू कर दिया.

विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी के लाख समझाने का भी इन पर कोई असर नहीं पड़ा. हंगामा बढ़ता ही गया. इस पर अध्यक्ष ने दो मिनट के लिए सदन की कार्यवाही को रोका. इसके बाद फिर जैसे ही कार्यवाही शुरू की गयी, वहीं स्थिति शुरू हो गयी. 15 मिनट तक बड़ी मशक्कत करके सदन की कार्यवाही को संचालित किया गया. इसके बाद स्थिति अनियंत्रित होते देख अध्यक्ष ने कार्यवाही को अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दिया.

इसी तरह दूसरी पाली दोपहर दो बजे जैसे ही शुरू हुई, नेता प्रतिपक्ष ने फिर से अपने स्थान पर खड़े होकर इस मुद्दे को उठाया और सीएम नीतीश कुमार से मंत्री को बरखास्त करने की मांग करने लगे. फिर सभी सदस्य पहले तो अपने-अपने स्थान पर खड़े होकर हंगामा करने लगे. इसके बाद सभी सदस्य वेल में पहुंच कर अध्यक्ष के सामने जोरदार नारेबाजी करने लगे. इसके कारण नौ मिनट सदन चलने के बाद इसे अगले दिन के लिए स्थगित करना पड़ा.

इसी तरह की स्थिति विधान परिषद में भी रही. दोपहर 12 बजे जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई. भाजपा के रजनीश कुमार सिंह ने इस वीडियो क्लिप के मामले को उठाया और मंत्री को बरखास्त करने की मांग करने लगे. हंगामा बढ़ने पर तीन मिनट बाद ही पहली पाली को स्थगित करना पड़ा. भोजनावकाश के बाद शुरू हुई कार्यवाही में भी इसी तरह की स्थिति बनी रही. हंगामा बहुत बढ़ने पर पांच मिनट बाद ही इसे अगले दिन के लिए स्थगित कर दिया गया. बाद में इस मुद्दे पर विपक्ष ने विधान परिषद परिसर में प्रदर्शन किया.
जो बयान आया है, वह गलत है : मुख्यमंत्री
पटना. पीएम पर मंत्री मस्तान की टिप्पणी पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खेद जताया है. कहा कि मीडिया में जो कुछ बयान आया है, वह गलत है. संवैधानिक पद पर बैठे किसी भी व्यक्ति को अमर्यादित भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए और न ही किसी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल करना चाहिए.
जनवेदना कार्यक्रम में की थी यह टिप्पणी
यह वीडियो नोटबंदी के खिलाफ कांग्रेस की तरफ चलाये गये उस ‘जनवेदना कार्यक्रम’ का है, जिसके तहत मंत्री के विधानसभा क्षेत्र अमौर (जिला-पूर्णिया) में 22 फरवरी को यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसका नेतृत्व मंत्री खुद कर रहे थे और वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विवादित टिप्पणी कर रहे थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >