पटना : बिहार में बाढ़ के कारण आज 25 और लोगों की मौत के साथ ही अभी तक 89 लोगों की बाढ़ से मौत हो चुकी है जबकि 14 जिले के 33 लाख लोग इससे प्रभावित हुए हैं. आपदा प्रबंधन विभाग ने एक बयान में कहा कि बाढ़ से प्रभावित जिलों में सारण नवीनतम जिला है. इसने कहा कि बाढ़ से सर्वाधिक मौत पूर्णिया :26: में हुई है. इसके बाद अररिया में 21, कटिहार में 15, सुपौल में आठ और किशनगंज में पांच लोगों की बाढ़ से मौत हुई है.
कई जिले जलमग्न
बयान में कहा गया है कि मधेपुरा और गोपालगंज में चार-चार लोगों की, दरभंगा में तीन और सहरसा, मुजफ्फरपुर तथा सारण में एक…एक व्यक्ति की बाढ़ से मौत हुई है. महानंदा, बखरा, कंकई, परमार, कोसी और अन्य नदियों के कारण पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, दरभंगा, मधेपुरा, भागलपुर, कटिहार, सहरसा, सुपौल, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण और मुजफ्फरपुर जिले जलमग्न हुए हैं.
कटिहार में खतरे के निशान से ऊपर
हालिया खबरों के मुताबिक कहलगांव :भागलपुर: में गंगा खतरे के निशान के ऊपर बह रही है जबकि सीवान जिले में घाघरा नदी कुछ जगहों पर खतरे के निशान के ऊपर है. खगड़िया में बूढ़ी गंडक भी खतरे के निशान के ऊपर है जबकि कोसी नदी खगड़िया और कटिहार जिले में खतरे के निशान के ऊपर बह रही है.
