Bihar News: पश्चिम बंगाल में चल रहे चुनावों का असर अब रेल यातायात पर भी साफ दिखने लगा है. मतदान करने के लिए बड़ी संख्या में लोग ट्रेनों से अपने-अपने क्षेत्रों की ओर जा रहे हैं, जिसके कारण ट्रेनों में खचाखच भीड़ देखने के लिए मिल रही है. पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी. इससे पहले बिहार में ट्रेनों की सूरत बदल गई है.
प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति
किशनगंज में ठाकुरगंज स्टेशन पर हालात ऐसे बन गए कि हर रोज सफर करने वाले यात्री ट्रेन में चढ़ ही नहीं पा रहे हैं. सुबह और शाम की ट्रेनों में भारी भीड़ के कारण प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति रही. कई यात्रियों को मजबूरन अगली ट्रेन का इंतजार करना पड़ा, जबकि कुछ लोग बिना सफर किए ही वापस लौट गए.
स्थानीय यात्रियों ने की यह मांग
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि चुनाव के समय अतिरिक्त कोच या स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था नहीं होने से आम लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. रोजाना कामकाज के लिए यात्रा करने वाले लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है. यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त बोगी या विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके.
अब तक कई समर स्पेशल ट्रेनों का एलान
रेलवे यात्रियों की मांग को देखते हुए क्या निर्णय लिया जाता है, यह देखने वाली बात होगी. दूसरी तरफ गर्मी की वजह से ट्रेनों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए कई समर स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की गई है. बिहार से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु समेत अन्य राज्यों के लिए समर स्पेशल ट्रेनें चलाई जायेंगी. सफर के दौरान रेल यात्रियों को कोई परेशानी नहीं झेलनी पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे की ओर से निर्णय लिया गया है.
Also Read: बिहार की ‘डेंजरस’ सड़कों की होगी टेक्निकल स्टडी, परिवहन विभाग ने लिया फैसला
