पटना की सड़क पर बवाल, गुस्साए लोगों ने NH 139 किया जाम, जानिए पूरा मामला

Patna News: पटना के दानापुर में गुस्साए लोगों ने जमकर बवाल किया. युवक का शव नहीं मिलने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और एनएच 139 को जाम कर दिया. इसके साथ ही बीच रोड पर टायर भी जलाए. घटना की वजह से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है.

Patna News: (फुलवारी शरीफ, अजीत) पटना जिले के फुलवारी शरीफ थाना इलाके में पोखर में डूबने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं. मृतक की पहचान विक्रम थाना इलाके के मोहनपुर गांव निवासी बीरेंद्र माझी (25 साल) के रूप में हुई है. वह अपने रिश्तेदार में ही तिलक समारोह में शामिल होने आया था.

कैसे हुआ हादसा?

बताया जाता है कि सोमवार देर रात वह घर से बाहर निकला और पोखर के किनारे चला गया. इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत खोजबीन शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद रातभर शव का पता नहीं चल सका.

सुबह तक शव बरामद नहीं होने पर परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. मृतक की पत्नी सरस्वती देवी और तीन छोटे-छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे गांव में शोक की लहर है.

ग्रामीणों ने क्या लगाया आरोप?

ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य में सुस्ती बरती गई. समय पर गोताखोरों की टीम नहीं पहुंची, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि इस पोखर में अब तक सात से अधिक लोगों की डूबकर मौत हो चुकी है, इसके बावजूद न तो घेराबंदी की गई और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया.

एनएच 139 को किया जाम

इसी के विरोध में गुस्साए ग्रामीणों ने एम्स गोलंबर के पास नेशनल हाईवे 139 को पूरी तरह जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.

जाम के कारण एम्स आने-जाने वाले मरीजों और एम्बुलेंस को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई गंभीर मरीज घंटों जाम में फंसे रहे. आक्रोशित लोगों ने लाठी-डंडे के साथ सड़क पर उतरकर हंगामा किया और कुछ जगहों पर आते-जाते लोगों के साथ मारपीट और गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की.

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फुलवारी शरीफ थाना, जानीपुर, नौबतपुर समेत आस-पास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी शव बरामदगी, उचित मुआवजा और पोखर की स्थायी घेराबंदी की मांग पर अड़े रहे.

प्रशासन की ओर से गोताखोरों की टीम लगाने और जल्द शव निकालने का आश्वासन दिया गया है. बावजूद इसके इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है.

Also Read: जहानाबाद में टोल प्लाजा पर गोलीबारी, दो युवक घायल, क्या है मामला?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >