पटना से हिमांशु देव की रिपोर्ट
Patna News: कदम कुआं वेंडिंग जोन के तर्ज पर राजधानी में 124.4 करोड़ की लागत से 19 आधुनिक वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे, जिससे करीब 4400 फुटपाथी दुकानदारों को सड़क किनारे दुकान लगाने की मजबूरी से राहत मिलेगी. नगर निगम ने इसके लिए 760.81 डिसमिल जमीन चिह्नित कर ली है. प्रत्येक वेंडिंग जोन में 200 से 235 दुकानों की व्यवस्था होगी. भविष्य में कुल 31 वेंडिंग जोन बनाकर 7200 वेंडरों को बसाने का लक्ष्य है.
जानिए…किस जगह पर बनेगा वेंडिंग जोन
वर्तमान में सबसे अधिक आठ वेंडिंग जोन नूतन राजधानी अंचल में बनेंगे, जबकि पाटलिपुत्र, बांकीपुर, अजीमाबाद और पटना सिटी अंचल में भी आधुनिक जी प्लस वन और जी प्लस टू वेंडिंग परिसर तैयार किए जाएंगे. इन परियोजनाओं पर खर्च होने वाली राशि 200 करोड़ रुपये के म्यूनिशिपल बॉन्ड से जुटाई जाएगी. नगर निगम का प्रस्ताव अंतिम चरण में है और अगले दो माह में बॉन्ड जारी होने की उम्मीद है.
शहर में करीब 20862 पंजीकृत वेंडर
निगम का कहना है कि वेंडिंग जोन बनने से शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, फुटपाथ अतिक्रमण कम होगा और दुकानदारों को सुरक्षित व स्थायी कारोबार की जगह मिलेगी.
हालांकि शहर में करीब 20,862 पंजीकृत वेंडर हैं, लेकिन पिछले लगभग दस वर्षों से नए वेंडर कार्ड जारी नहीं किए गए हैं, जिससे बड़ी संख्या में दुकानदार अब भी नियमित पहचान पत्र से वंचित हैं.
Also Read: बिहार MLC चुनाव में सभी 10 उम्मीदवार निर्विरोध जीते, निशांत कुमार और पवन सिंह पहली बार पहुंचे सदन
