मनेर : थाना क्षेत्र के हुलासी टोला मोड़ के नजदीक गुरुवार की दोपहर कुछ हथियारबंद अपराधियों ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 80 हजार रुपये लूट लिये. इसके बाद अपराधी आराम से फरार हो गये.
वहीं, मनेर पुलिस हाथ मलती रह गयी. जानकारी के अनुसार उज्जीवन फाइनेंस का कर्मचारी पुरुषोत्तम कुमार गुरुवार को स्वयं सहायता समूह से पैसा वसूल कर अपने कार्यालय लौट रहा था. इसी बीच घात लगाये दो बाइकों पर सवार चार हथियारबंद अपराधियों ने करीब एक बजे उससे रुपयों से भरा बैग छीन लिया और हो- हल्ला ना करने की चेतावनी दी.
अपराधियों के जाने के बाद कर्मचारी ने इस बात की सूचना आसपास के लोगों को दी. जब तक ग्रामीण इक्ट्ठा होते अपराधी घटना को अंजाम देकर फरार हो चुके थे. इसके बाद कर्मचारी इस बात की सूचना मनेर पुलिस को दी. आनन-फानन में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. देर शाम जांच में पहुंचे दानापुर डीएसपी राजेश कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया.
