पटना : पटना नगर निगम के नये नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा ने शहर के सभी नौ बड़े नाले का ग्राउंड निरीक्षण किया. उन्होंने नाले पर जाकर उसकी स्थिति देखी व अधीनस्थ अधिकारियों से जानकारी ली. नाला उड़ाही को लेकर पहले से किये जाने वाले काम के बारे में बातचीत की.
नगर आयुक्त ने सैदपुर, योगीपुर नाला व संप हाउस, सर्पेंटाइन नाला सहित अन्य नाला को भी जाकर देखा. सैदपुर नाला के टूटे हुए हिस्से सहित सड़कों की भी स्थिति देखी. संप हाउस की स्थिति व पानी खींचने का जायजा भी लिया. नगर आयुक्त ने बाद में कहा कि शहर में जल जमाव की समस्या नहीं हो, इसके लिए प्रमुखता से काम करना है.
नाला उड़ाही का काम समय से हो इसे लेकर शीघ्र निर्णय लिया जायेगा. उन्होंने सफाई व्यवस्था को भी देखा. निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 48 के पार्षद इंद्रदीप कुमार चंद्रवंशी ने नगर आयुक्त को सैदपुर नाले के बारे में अवगत कराया. पार्षद ने कहा कि सैदपुर नाला पक्का नाला से अब कच्चा नाला हो गया है.
कुशल मजदूरों से नाला की उड़ाही नहीं होने से उसकी बाउंड्री ध्वस्त हो गयी है. निगम में मरम्मत योजना भी होनी चाहिए ताकि मरम्मत की जा सके. नगर आयुक्त के निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त (स्थापना) देवेंद्र प्रसाद तिवारी, पाटलिपुत्र अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी नुरुल हक सिवानी, पटना सिटी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार मिश्रा, मुख्य अभियंता सहित अन्य अधिकारी शामिल थे.
