पटना : बिजलीकर्मियों की वेतन विसंगति पर 24 फरवरी तक कोई फैसला ले लिया जायेगा. दिये गये आश्वासन के अनुसार दो वेतन वृद्धि पर कार्रवाई की जायेगी.
बिजलीकर्मियों की मांगों की अविलंब पूर्ति होगी. बिहार स्टेट पावर (होल्डिंग) कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक प्रत्यय अमृत ने बिहार-झारखंड राज्य विद्युत परिषद फिल्ड कामगार यूनियन के साथ हुई वार्ता में उक्त बातों का आश्वासन दिया है. वार्ता में अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक के अलावा निदेशक संजीवन सिन्हा, महाप्रबंधक बिपिन बिहारी सिन्हा व उप महाप्रबंधक सुनील कुमार सिंह व यूनियन की ओर से महासचिव अमरेंद्र प्रसाद मिश्र, अध्यक्ष नूर मोहम्मद व उप महासचिव गणेश प्रसाद शामिल हुए.
इसमें तय हुआ कि मानव बल के न्यूनतम मजदूरी का निर्धारण बिजलीकर्मियों के न्यूनतम वेतन के आधार पर 24 फरवरी तक पूरा कर लिया जायेगा. एलपीपी की विभागीय परीक्षा में सभी लेखा सहायक व अन्य को शामिल होने का मौका दिया जायेगा. आंतरिक नियुक्ति के कनीय अभियंता, लेखा पदाधिकारी, पत्राचार लिपिक, भंडार सहायक, भंडार सहायक, कनीय लेखा लिपिक, सहायक कार्मिक पदाधिकारी, विधि पर्यवेक्षक व अन्य पदों पर अविलंब नियुक्ति की जायेगी. तीन माह के प्रशिक्षित आइटीआइ के बचे हुए कामगार की उच्च पद पर नियुक्ति शीघ्र होगी.
