पटना : पटना नगर निगम के वार्ड संख्या 26 में वार्ड पार्षद का चुनाव रविवार को होगा. इसके लिए पांच भवनों में 17 मतदान केंद्र बनाये गये हैं.इन मतदान केंद्रों पर 19296 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे. चुनाव मैदान में महज दो उम्मीदवार कंजू देवी व रीता राय के खड़े होने से मुकाबला दिलचस्प है. यह सीट महिलाओं के लिए आरक्षित है. दोनों उम्मीदवारों के पति पूर्व में भी वार्ड पार्षद रह चुके हैं. वार्ड का अधिकांश इलाका मंदिरी व बुद्धा कॉलोनी क्षेत्र में आता है. तत्कालीन वार्ड पार्षद के निधन के कारण चुनाव कराया जा रहा है.
सुबह सात से शाम चार बजे तक मतदान, मतगणना 11 को : डीएम कुमार रवि ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे से चार बजे शाम तक होगा. स्वच्छ, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए दंडाधिकारियों की तैनाती की गयी है.
साथ ही इवीएम मशीन व अन्य चुनाव सामग्री को तमाम मतदान केंद्र पर पहुंचा दिया गया है और सुरक्षा में रखा गया है. मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद इवीएम को पटना समाहरणालय परिसर सामाजिक सुरक्षा कोषांग के कार्यालय में बने वज्रगृह में सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया है. मतगणना 11 फरवरी को समाहरणालय परिसर में ही होगी.
