पटना : लखनऊ से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी व कल्कि पीठ के आचार्य प्रमोद कृष्णन ने कहा है कि गृहमंत्री अमित शाह तालिबानी हैं. वह तालिबानियों की भाषा बोल रहे हैं.
उन्होंने कहा कि सीएए व एनआरसी को लेकर गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री के बयानों से लोगों के मन में भ्रम फैला है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कानून के विरोध में नहीं है. भाजपा द्वारा इसको लेकर ऐसा प्रचार किया जा रहा है जैसे कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी पार्टियां इसका विरोध कर रही हैं. भाजपा द्वारा इस कानून को धर्म व जाति के आधार पर लागू करने का प्रयास किया जा रहा है.
यह भारत के संविधान व यहां की संस्कृति के खिलाफ है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व केंद्रीय मंत्री तारिक अनवर भी मौजूद थे. सीएए व एनआरसी को लेकर पार्टी का पक्ष रखने पटना पहुंचे आचार्य प्रमोद कृष्णन ने कहा कि धर्म व जाति के आधार पर किसी व्यक्ति को शरण देना अनुचित है. भगवान श्रीराम ने शबरी का जूठा खाने के पहले उसकी जाति नहीं पूछी थी. मौके पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्याम सुंदर सिंह धीरज, डाॅ समीर कुमार सिंह, प्रवक्ता राजेश राठौर सहित अन्य उपस्थित थे.
शत्रुघ्न सिन्हा को नहीं जानते प्रमोद कृष्णन
सीएए और एनआरसी को लेकर पटना पहुंचे लखनऊ लोकसभा के कांग्रेस प्रत्याशी पाटलिपुत्रा लोकसभा के कांग्रेस प्रत्याशी शत्रुघ्न सिन्हा को नहीं जानते.
एक सवाल के जवाब में उन्होंने खुद अनजान जैसे सवाल पूछा लिया कि शत्रुघ्न सिन्हा कौन हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए कुछ लोग बोझ बन गये हैं. पार्टी में बोझ उठाने वालों की आवश्यकता है. अंत में उन्होंने कहा कि पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी फिलहाल किस दल में हैं, समाजवादी या कांग्रेस में यह भी जानकारी नहीं है. इस प्रकार का व्यक्ति कांग्रेस दल में भले ही हो पर उसकी आत्मा भाजपा में है.
