पटना : भाजपा के 11वें राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का जन्म भी पटना में हुआ और उनकी स्कूली व काॅलेज की शिक्षा भी यहीं हुई. पटना के महेंद्रू मुहल्ले में दो दिसंबर, 1960 को इनका जन्म हुआ था. संत जेवियर हाइस्कूल से 10वीं तक की पढ़ाई करने के बाद पटना कॉलेज से स्नातक तक की पढ़ाई पूरी की.
इसके बाद आगे की शिक्षा के लिए वह अपने पैतृक शहर शिमला (हिमाचल प्रदेश) चले गये. लेकिन, पटना कॉलेज में ही छात्र जीवन से ही राजनीतिक के ककहरे की शुरुआत हो गयी. वह अपने पिता के साथ पटना लॉ कॉलेज के पास मौजूद किरानी घाट के नजदीक पटना विवि के स्टॉफ क्वार्टर में रहते थे. पिता डाॅ एनएल नड्डा वाणिज्य महाविद्यालय में कॉमर्स विषय के एचओडी थे. वह बाद में रांची विवि के कुलपति भी बने थे.
जब जेपी नड्डा ने हिमाचल विवि में पीजी में दाखिला लिया, तो पहली बार छात्र संघ के अध्यक्ष बने. इसमें पटना विवि में मिले शुरुआती राजनीतिक अनुभव खासा काम आया. जेपी नड्डा के साथ कॉलेज में पढ़ने करने से लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में भी साथ रहने वाले प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल शर्मा बताते हैं कि वह बेहद होनहार, सरल और मृदुभाषी थे. आज भी जब मिलते हैं, तो एक दोस्त की तरह ही गले लगते हैं. अध्यक्ष बनने के बाद जब उनसे मिलने गये, तो उनका चश्मा थोड़ा टेढ़ा था, तो उसे स्वयं से लेकर ठीक कर दिया.
पार्टी में भी वह अपनी प्रतिभा की बदौलत ही यहां तक पहुंचे हैं. जेपी नड्डा में वाद-विवाद करने की अद्भुत क्षमता है. कुशल संगठनकर्ता की बदौलत ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के वह राष्ट्रीय अध्यक्ष बने. इसके बाद वह भाजपा युवा मोर्चा के भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बने. हर विषय पर बेहतरीन जानकारी रखते हैं.
उनके एक अन्य सहपाठी और भाजपा के पूर्व एमएलसी राजेंद्र गुप्ता बताते हैं कि उनकी सबसे बड़ी खासियत सभी स्तर के लोगों और कार्यकर्ताओं की बातों को पूरे ध्यान से सुनना है. आजकल राजनीति में जहां सुनने की क्षमता नहीं के बराबर हो गयी है. उनकी यह आदत उन्हें सबों से अलग बनाती है.
नड्डा के नेतृत्व में स्थापित करेंगे नया आयाम: संजय
पटना : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर जेपी नड्डा को प्रदेश भाजपा की तरफ से बधाई देने का तांता लग गया. प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने उन्हें बधाई देते हुए कहा है कि इनके नेतृत्व में भाजपा देश में एक नया आयाम स्थापित करेगी. केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बधाई संदेश में कहा है कि वे कुशल संगठनकर्ता हैं.
केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा है कि वे एक बेजोड़ संगठन शिल्पी हैं. पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव ने कहा है कि इससे पटना के साथ ही बिहार का भी मान बढ़ा है. स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि जेपी नड्डा के अध्यक्ष बनने से पूरे देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती मिली है. संगठन महामंत्री नागेंद्र, एमएलसी संजय मयूख, शिव नारायण, देवेश कुमार, सांसद डाॅ सीपी ठाकुर आदि ने बधाई दी है.
चिराग पासवान ने दी शुभकामना
लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर जेपी नड्डा को बधाई है. चिराग ने ट्वीट किया है कि नड्डा का कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में काम बहुत ही बेहतर रहा है. आशा करता हूं कि नयी जिम्मेदारी भी बेहतर तरीके से पूरी करेंगे.
