पटना : बोरिंग रोड की नागेश्वर कॉलोनी में संचालित नेटवर्किंग कंपनी कैनिवज्ज पर कई लोगों ने पैसा दोगुना करने के नाम पर ठगी करने का आरोप लगाया है. साथ ही प्राथमिकी भी दर्ज करायी है. कंपनी पर करीब 20 लाख रुपये की ठगी का आरोप है. अब तक इस मामले में पांच लोग सामने आये हैं. लेकिन, लोगों का कहना है कि बहुत से लोगों ने इस कंपनी में पैसा लगाया है. ठगी के शिकार लोगों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं. इनमें एएसआइ सकलदेव शर्मा व पीटीसी मनोज कुमार से कुल 32 हजार की ठगी की गयी है. कुमारी हनी नाम की महिला ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उसका 16 लाख कंपनी ने ठग लिया है.
पीड़ितों ने कंपनी के ऑफिस के पास किया हंगामा
गोल्ड जिम के पास कैनिवज्ज कंपनी का आॅफिस है. शुक्रवार को करीब आधा दर्जन लोग वहीं पहुंचे और हंगामा किया. लोग कंपनी से अपना पैसा मांग रहे थे. इसमें दोनों पुलिसकर्मी भी मौजूद थे.
घटना की जानकारी बुद्धा कालोनी थाने को दी गयी. मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर उन्हें हटाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया. बुद्धा कालोनी थानेदार का कहना है कि कुमारी हनी के आवेदन पर केस दर्ज किया गया है. केस का सुपरविजन कराया जायेगा. इसके बार वारंट व गिरफ्तारी की कार्रवाई होगी. पुलिस का कहना है कि सिर्फ एक प्राथमिकी दर्ज हुई है. बाकी लोगों ने अभी आवेदन नहीं दिया है. यहां बता दें कि दोनों पुलिसकर्मी पुलिस लाइन में तैनात हैं.
कंपनी के सीएमडी से पूछताछ करेगी पुलिस : पीड़ितों का कहना है कि उनसे कहा गया था कि कम समय में पैसा दोगुना किया जायेगा. दावा था कि जितने कम समय नेटवर्किंग कंपनी पैसा दोगुना कर देगी, दूसरा कोई बैंक नहीं कर सकता है. यही झांसा देकर कंपनी ने बहुत लोगों से पैसा लिया है. लेकिन, किसी का पैसा लौटा नहीं रही है. पुलिस बहुत जल्द कंपनी के सीएमडी कन्हैया गुलहाटी से पूछताछ करेगी.
