पटना : बिहार प्रदेश अति पिछड़ा वर्ग नव निर्माण मोर्चा की बैठक में अप्रैल में श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में राजनीतिक जागरूकता सम्मेलन करने का निर्णय लिया गया. मोर्चा की ओर से पारित छह प्रस्ताव में 19 जनवरी को मानव शृंखला में शामिल हो कर सफल बनाने की अपील की गयी.
मोर्चा की मजबूती के लिए जिला, प्रखंड, पंचायत व ग्राम स्तर तक अभियान चलाने, 24 जनवरी को कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर अधिक संख्या में भाग लेने, लोकसभा, विधानसभा, राज्यसभा, विधान परिषद में अतिपिछड़ों को आरक्षण देने की मांग की गयी. बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कमलेश प्रसाद चंद्रवंशी ने की.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में अतिपिछड़ी जातियों को खोयी प्रतिष्ठा प्राप्त हुआ. अतिपिछड़ा वर्ग के लिए कई योजनाएं चलायी जा रही है. बैठक में मंच संचालन प्रधान महासचिव डॉ चंद्रभूषण सिंह ने किया. कंचन देवी को मोर्चा की महिला प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया. बैठक में डॉ संतोष कुमार, धनेशर ठाकुर, प्रो अजय विश्वकर्मा, सुनील शर्मा, मनोहर कुमार सहित अन्य लोग शामिल हुए.
