पटना : पटना के प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में पटना समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में गणतंत्र दिवस 2020 की तैयारियों की समीक्षा हुई. बैठक में आयुक्त के द्वारा सभी विभाग के द्वारा निष्पादित किये जाने वाले कार्यों के लिए समय सीमा निर्धारित की गयी.
वहीं, सभी विभागों के पदाधिकारियों को अपने स्तर से अपने दायित्वों की समीक्षा कर काम शुरू करने का निर्देश दिया. 26 जनवरी को गांधी मैदान में मुख्य समारोह को लेकर 10 जनवरी से व्यावसायिक कार्यों के लिए गांधी मैदान की बुकिंग पर रोक रहेगी.
15 जनवरी के बाद मात्र सुबह में घुमनेवाले को छोड़ कर शेष गतिविधियों पर पाबंदी रहेगी. 23 जनवरी से गणतंत्र दिवस कार्यक्रम की समाप्ति तक सुबह में घूमनेवाले सहित अन्य सभी गतिविधियों पर रोक रहेगी. बगैर सुरक्षा पास के किसी को गांधी मैदान के अंदर जाने की अनुमति नहीं रहेगी.
दस वाच टॉवर बनेंगे : आयुक्त ने बताया कि गांधी मैदान में सुरक्षा के दृष्टिकोण से 10 वाच टॉवर बनेंगे. वाच टॉवर हेतु स्थल का चयन करने की जिम्मेवारी नगर पुलिस अधीक्षक मध्य को मिली है.
बैठक में आयुक्त ने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया कि डीएम व एसएसपी से नक्शा अनुमोदित कराकर बैरिकेडिंग सहित अन्य व्यवस्थाएं ससमय सुनिश्चित करें. गड्ढों एवं उबड़–खाबड़ पथ तथा परेड स्थल एवं अन्य स्थलों का समतलीकरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ करना है. सभी हाईमास्ट लाईट को सुचारू कर सत्यापित करने का निर्देश नगर आयुक्त को दिया.
परेड में 19 टुकड़ियां लेंगी भाग
गणतंत्र दिवस के अवसर पर 19 टुकड़ियां भाग लेंगी. इसमें सीआरपीएफ, सीआइएसएफ, आइटीबीपी, एसएसबी, महिला व पुरुष, बिहार पुलिस, बीएमपी, होमगार्ड, ग्रामीण व शहरी, एनसीसी की चार कंपनी, स्काउट्स व गाइड, श्वान दस्ता परेड में शामिल होगी.संयुक्त परेड का संचालन के लिए एसएसपी को पूर्वाभ्यास के पूर्व संबंधित सैनिक/अर्द्धसैनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की एक बैठक सुविधानुसार बुलाकर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
परेड का रिहर्सल 11 जनवरी को सुबह 7.30 बजे से प्रारंभ होगा. अंतिम रिहर्सल 24 जनवरी को होगा. एसपी ट्रैफिक को डीएम व एसएसपी से विमर्श कर यातायात योजना तैयार कर यातायात से संबंधित सूचना का प्रकाशन कराना है. समारोह को लेकर मैदान के चारों तरफ घास व झाड़ियों की सफाई, अतिक्रमण मुक्त करने का निदेश दिया गया.
मुख्य समारोह के पूर्व कारगिल स्मृति स्थल पर राज्यपाल द्वारा माल्यार्पण की पूरी व्यवस्था कमांडेंट, बिहार रेजिमें्टल सेंटर दानापुर सुनिश्चित करेंगें. बैठक में डीएम कुमार रवि, आयुक्त के सचिव एसएम कैशर, आरटीए सचिव सुशील कुमार एडीएम लॉ एंड ऑर्डर कृष्ण कन्हैया प्रसाद सिंह, सिटी एसपी विनय तिवारी, ट्रैफिक एसपी डी अमरकेश व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
