पटना : निगम अधिकारी के निर्देश नहीं मानने पर बुडको का काम बंद कराया जायेगा. इसको लेकर नगर आयुक्त की ओर से अगले एक-दो दिनों में बुडको प्रबंधक को अल्टीमेटम भेजा जायेगा. बुधवार को मेयर सीता साहू ने स्थायी समिति की बैठक स्थगित करने के बाद कहीं.
उन्होंने कहा कि सशक्त स्थायी समिति की बैठक दो वजहों से स्थगित की गयी है. स्थायी समिति की बैठक में बुडको प्रतिनिधियों को प्रजेंटेशन के लिए बुलाया गया था, ताकि नमामि गंगे, आइएसबीटी व विद्यृत शवदाह गृह बनाने की योजना की जानकारी ली जा सके.
लेकिन, कोई प्रतिनिधि नहीं पहुंचा. वहीं, नगर सचिव की ओर से ससमय कार्य-सूची व एजेंडा सदस्यों को उपलब्ध नहीं कराया गया. बुधवार की प्रस्तावित बैठक नौ दिसंबर को निर्धारित की गयी थी, जिसकी कार्य-सूची बैठक शुरू होने से 10 मिनट पहले उपलब्ध करायी गयी. यह स्थिति तब है जब दर्जनों बार ससमय एजेंडा उपलब्ध कराने को लेकर बोर्ड व स्थायी समिति की बैठक में सवाल उठाये जा चुके हैं.
टकराव कराना चाहते हैं
मेयर ने नगर सचिव राकेश कुमार झा पर आरोप लगाते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों व नगर आयुक्त के बीच संवादहीनता की स्थिति पैदा करना चाहते हैं.
ताकि जनप्रतिनिधियों, मेयर व नगर आयुक्त के बीच टकराव हो और विकास कार्य बाधित की जाये. निगम के इतिहास में बोर्ड व सशक्त स्थायी समिति के कार्यवाही पर मेयर का हस्ताक्षर होता रहा है. लेकिन, वर्तमान में नगर सचिव ने इस परंपरा को तोड़ते हुए कार्यवाही पर नोट-शीत के साथ हस्ताक्षर किया है. बैठक में डिप्टी मेयर मीरा देवी के साथ साथ सदस्य सुचित्रा सिंह, दीपा रानी खान, इंद्रदीप चंद्रवंशी, आशीष सिन्हा और मनोज जायसवाल उपस्थित थे.
