पटना : जीरो माइल पहाड़ी स्थित सोनाली पेट्रोल पंप पर दो दिसंबर से सीएनजी स्टेशन शुरू हो जायेगा. गेल कंपनी की मानें तो तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है. टेस्टिंग का काम चल रहा है. इस सीएनजी स्टेशन के शुरू होने से ऑटो चालकों को राहत मिलेगी. सोनाली पंप के प्रमुख विधान चंद्र राय ने बताया कि फिलहाल यहां ऑफलाइन (ट्रक) के माध्यम से सीएनजी की सप्लाइ होगी. लेकिन बाद में यहां ऑनलाइन (पाइप के जरिये) सप्लाइ होगी. उन्होंने बताया कि 45 सिलिंडर के दो डिस्पेंसरों से जोड़ा गया है. हर सिलिंडर में लगभग आठ किलो सीएनजी स्टोर करने की क्षमता है. पटना शहर में दो सीएनजी स्टेशन सिटी फ्यूल (चेक पोस्ट)और ऑटो केयर (बेली रोड) हैं, जहां हर दिन लगभग 6500 हजार किलो सीएनजी बिक्री होती है.
मांग से कम गैस दी जा रही है. सिटी फ्यूल के प्रमुख सुमित कुमार ने बताया कि मांग के अनुसार गेल कंपनी गैस की सप्लाइ नहीं कर पा रही है. इसके कारण ऑटो चालकों को मांग सेकम गैस दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि चार हजार किलो से अधिक सीएनजी चाहिए. लेकिन बार- बार आग्रह करने के बावजूद कंपनी सीएनजी की सप्लाइ नहीं कर रही है. यह चिंता का विषय है.
गेल कंपनी के महाप्रबंधक रजनीश कुमार गोयल ने बताया कि सोनाली सीएनजी स्टेशन दो दिसंबर से शुरू हो जायेगा. इसके खुलने से इस इलाके के ऑटो चालकों को सीएनजी गैस लेने के लिए लंबी लाइन में नहीं लगना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि मांग के अनुसार सीएनजी उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है.
