दो से छह दिसंबर तक होगा 81 विषयों का नेट, इस बार परीक्षार्थियों को नहीं मिलेगा ब्रेक
-एनटीए ने जारी किया 81 विषयों का परीक्षा शेड्यूल पटना: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी नेट के लिए विषय व तिथि के साथ शेड्यूल जारी कर दिया है. परीक्षा दो दिसंबर से शुरू हो जायेगी. इस परीक्षा में 10 लाख, 34,872 अभ्यर्थी 81 विषयों में शामिल होंगे. एनटीए ने कहा है कि परीक्षा कंप्यूटर […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
-एनटीए ने जारी किया 81 विषयों का परीक्षा शेड्यूल
पटना: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी नेट के लिए विषय व तिथि के साथ शेड्यूल जारी कर दिया है. परीक्षा दो दिसंबर से शुरू हो जायेगी. इस परीक्षा में 10 लाख, 34,872 अभ्यर्थी 81 विषयों में शामिल होंगे. एनटीए ने कहा है कि परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट आधारित होगा. परीक्षा देने वाले स्टूडेंट्स यूजीसी नेट वेबसाइट पर परीक्षा की शिफ्ट, विषय और सब्जेक्ट कोड के साथ डिटेल शेड्यूल देख सकते हैं. परीक्षा दो से छह दिसंबर के बीच दो शिफ्टों में आयोजित की जायेगी. एनटीए के जारी शेड्यूल के अनुसार पहले दिन दो दिसंबर को प्रथम शिफ्ट में 19 और द्वितीय शिफ्ट में सात विषयों के लिए ऑनलाइन परीक्षा होगी. तीन दिसंबर को पहली पाली में 11 तथा दूसरी पाली में सात, चार दिसंबर को पहली पाली में सात तथा दूसरी पाली में 16, पांच दिसंबर को पहली पाली में पांच तथा दूसरी पाली में चार विषयों की परीक्षा होगी. छह दिसंबर को पहली पाली में चार तथा दूसरी पाली में एक विषय की परीक्षा होगी.
दोनों पेपर एक साथ दिखेंगे स्क्रीन पर : नेट की पहली पाली सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी. सभी स्टूडेंट्स को नौ बजे से पहले सेंटर पर प्रवेश कर लेना होगा. निर्धारित अवधि के बाद अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा. यूजीसी नेट के परीक्षा पैटर्न व सिलेबस में इस बार बदलाव हुआ है. इस बार बिना ब्रेक के ही दोनों पेपर का एग्जाम देना होगा. जून तक दोनों पेपर के बीच आधे घंटे का गैप मिलता था. इस बार दोनों पेपर एक साथ ही स्क्रीन पर दिखेंगे. पहले सेशन में पेपर वन (जनरल अवेयरनेस) की परीक्षा होगी. 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्नों को एक घंटे में हल करना होगा. प्रत्येक सही प्रश्न पर दो-दो अंक निर्धारित हैं. वहीं, दूसरे सेशन में संबंधित विषय से जुड़े 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जायेंगे.