फतुहा : डीजल चोरी करते चोर को दबोचा, पीट-पीट कर हत्या

दनियावां/फतुहा : बीते मंगलवार की देर रात फतुहा थाना क्षेत्र के नयका रोड के पास ट्रक चालकों ने ट्रक से डीजल की चोरी करते मौके पर एक युवक को दबोच लिया तथा पीट -पीट कर उसको अधमरा कर दिया. सूचना मिलने पर फतुहा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस को देखते ही बाकी ट्रक चालक अपने […]

दनियावां/फतुहा : बीते मंगलवार की देर रात फतुहा थाना क्षेत्र के नयका रोड के पास ट्रक चालकों ने ट्रक से डीजल की चोरी करते मौके पर एक युवक को दबोच लिया तथा पीट -पीट कर उसको अधमरा कर दिया. सूचना मिलने पर फतुहा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस को देखते ही बाकी ट्रक चालक अपने अपने ट्रक को लेकर दनियावां बिहटा फोरलेन के रास्ते फरार हो गये, लेकिन एक ट्रक चालक मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने सीमेंट लदे उसके ट्रक को जब्त कर लिया है.
उधर पुलिस की एक टीम ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल पीएचसी में भर्ती कराया लेकिन भर्ती होते ही उसने दम तोड़ दिया. मृतक की पहचान नहीं हो पायी है. पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी है. मृत युवक की उम्र करीब 28 वर्ष बतायी जा रही है. यह घटना करीब तीन बजे रात की है. गिरफ्तार ट्रक चालक छपरा का बलीगांव निवासी कृष्णा कुमार है, जो शाहजहांपुर स्थित सीमेंट कंपनी से सीमेंट लोड कर सीतामढ़ी के लिए निकला था.
पिकअप वैन की मदद से कर रहे थे डीजल की चोरी
गिरफ्तार ट्रक चालक के अनुसार उसके ट्रक से भी चोरों ने टंकी से 260 लीटर डीजल की चोरी कर ली थी. घटना की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि पांच छह ट्रक चालक अपना-अपना ट्रक नयका रोड के पास सड़क किनारे खड़ी कर रात अधिक हो जाने के कारण ट्रक के अंदर ही सो गये थे. इसी बीच एक पिकअप वैन पर सवार कुछ लोग वहां पहुंचे तथा खड़े ट्रक से डीजल की चोरी कर पिकअप वैन पर लोड करने लगे. इस दौरान कुछ हरकत होने पर ट्रक चालक जाग गये और पिकअप वैन पर सवार लोगों को दबोचने की कोशिश करने लगे.
लेकिन पिकअप वैन चालक वैन को लेकर भागने लगा. पीछे से वैन पर सवार इस युवक को ट्रक चालकों ने खींच लिया तथा उसकी पिटाई कर अधमरा कर दिया. अस्पताल पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया. थानाध्यक्ष मनीष कुमार के अनुसार इस घटना मेें शामिल बाकी ट्रक चालकों का पता लगाया जा रहा है. साथ ही युवक की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >