सुशील कुमार मोदी ने कहा, सद्भाव को विजयी बनाएं
कोर्ट का जो भी निर्णय हो वह शांति से स्वीकार करें
पटना : राम जन्मभूमि पर जल्द ही सुप्रीम कोर्ट के आने वाले फैसले को लेकर डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने राज्य की जनता से अपील की है. उन्होंने कहा है कि अयोध्या के रामजन्म भूमि मामले में सर्वोच्च न्यायालय की संविधान पीठ जो भी निर्णय करे, उसे सबको धैर्य और शांति के साथ स्वीकार करना चाहिए.
इसका फैसला 17 नवंबर से पहले जब भी सुनाया जाये, किसी भी पक्ष को इसे अपनी हार-जीत के रूप में नहीं लेना चाहिए. किसी को न मिठाई बांटने की जरूरत है, न किसी को मातम मनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि एनडीए अयोध्या मुद्दे पर अदालत के फैसले को सिर्फ न्याय की जीत मानेगा. हमें आशा है कि वर्षों से लटके इस मामले पर ऐतिहासिक फैसला आने के बाद देश में सद्भाव और परस्पर विश्वास का नया युग शुरू होगा.
सुशील कुमार मोदी ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों से भी अपील की है कि फैसला आने से पहले अयोध्या मुद्दे को लेकर मीडिया या सोशल मीडिया में किसी प्रकार की बयानबाजी नहीं करें. यह सभी के लिए संयम बरतने का समय है.
