खेतों में पुआल जलाने पर को लेकर प्रशासन सख्त, पंपलेट बांट कर बताये जायेंगे खतरे
पटना : वायु प्रदूषण की वजह से आसमान में छा रहे धुंध और जहरीली हो रही हवा को लेकर जिला प्रशासन सतर्क और सख्त हो गया है. खेतों में पुआल जलाने पर रोक लगा दी गयी है. डीएम कुमार रवि ने सीधे तौर पर कहा है कि अगर पुआल जलाने के आरोप में कोई पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी. हालांकि जागरूकता को लेकर भी प्रशासन प्रयास करना शुरू कर दिया है. डीएम ने कहा है कि इसके लिए ग्रामीण इलाकों में चौपाल लगाया जायेगा. चौपाल के माध्यम से किसानों काे जागरूक किया जायेगा. पम्पलेट छपवा कर वितरित कराने की तैयारी है. प्रचार-प्रसार तेज किया जायेगा.
पुराने जनरेटर होंगे सीज : डीजल से चलने वाला पुराना जनरेटर पहले से प्रतिबंधित है. शादी में, सड़क पर, दुकान में या अन्य किसी जगह पुरानी जनरेटर के पकड़े जाने पर उसे सीज किया जायेगा. जिला प्रशासन की तरफ से इसको लेकर पहले भी अभियान चलाया जा चुका है.
डीएम ने कहा कि इसके लिए पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वह पुराने जनरेटर को जब्त करें. इस जनरेटर से ध्वनि और वायु दोनों तरह के प्रदूषण का खतरा रहता है. तेज बजने वाले लाउडस्पीकर को लेकर भी पुलिस व प्रशासन की कार्रवाई होती है. शहर में रात के 10 बजे के बाद तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजने पर रोक है.एसडीओ सदर कुमारी अनुपम सिंह ने कहा कि अभी उन्होंने अभियान तो नहीं चलाया है, लेकिन पुलिस द्वारा जब्त करने पर कार्रवाई हुई है. आने वाले दिनों में शादी-ब्याह के मौसम को देखते हुए कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है.
