पटना : छठ पूजा में बांसघाट की पार्किंग को लेकर डीएम कुमार रवि ने नया आदेश जारी किया है. इस घाट पर बाइक और ठेला को ले जाने का परमिशन दे दिया गया है. यहां पर पार्किंग की व्यवस्था पहले नहीं थी, सभी वाहनों पर रोक लगाया गया था, लेकिन एक नंवबर की शाम डीएम ने आदेश जारी करते हुए कहा कि इस घाट पर बाइक और ठेला ले जा सकते हैं.
दरअसल अंतिम समय में डीएम ने फैसला इसलिए लिया क्योंकि बांसघाट दूर भी है और इसका एप्रोच मार्ग बहुत अच्छा नहीं बन पाया है. यहां पर बालू आैर दलदल है. हालांकि शुक्रवार काे काम जारी था. उन जगहों पर बालू डाला जा रहा था जहां पर दलदल था. उम्मीद है कि शुक्रवार की रात सभी घाट और एप्रोच मार्ग को ठीक कर लिया जायेगा.
डीएम को सौंपी रिपोर्ट : घाट को तैयार करने में लगे इंजीनियर, निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिया गया था कि वह एक नवंबर की शाम तक एक रिपोर्ट देंगे कि सभी घाटों पर तैयारी पूरी कर ली गयी है. डीएम ने बताया कि घाटों को बनाने में लगे चार इंजीनियरों की रिपोर्ट मिल गयी है. सभी घाट तैयार हैं. लेकिन इसके बावजूद घाटों का निरीक्षण जारी है. जहां पर कोई कमी रह गयी है उसे ठीक किया जा रहा है. दलदल वाली जगह पर बालू डालकर समतल किया जा रहा है.
