मेहंदीगंज थाना क्षेत्र में दिया घटना को अंजाम
पटना सिटी : मेहंदीगंज थाना क्षेत्र के राजेंद्र मेहता पथ में स्थित सैमसंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम सह कार्यालय में लुटेरों ने गार्ड व चालक को बंधक बना कर 250 से अधिक एलइडी टीवी, 35 हजार नकद व कंपनी में स्थापित चांदी के गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमा को लूट लिया. इतना ही नहीं, कंपनी की गाड़ी से लूटे गये टीवी व अन्य सामान लेकर चलते बने.
विरोध करने पर गार्ड व चालक की रिवाॅल्वर के बट से पिटाई की. जख्मी दोनों का उपचार कराया जा रहा है. घटना के संबंध में पीड़ित मालिक राकेश कुमार सिंह ने प्राथमिकी मेहंदीगंज थाने में दर्ज करायी है. इसके आधार पर पुलिस अनुसंधान की बात कह रही है.
घटना के संबंध में क्विक सॉल्यूशन के मालिक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बीते रविवार की रात लगभग साढ़े 11 बजे चार की संख्या में बदमाश हथियार के साथ गोदाम में आये. वहां पर गार्ड शिव कुमार सिंह व पिकअप वैन के चालक सुकेश कुमार को अपराधियों ने हाथ-पैर रस्सी से बांध कर बंधक बना लिया. इसके बाद दोनों को एक कोने में बैठाने के बाद अपराधी कटर से गोदाम के शटर व ताले को काटने लगे. इस दरम्यान जब दोनों ने विरोध किया, तो रिवाॅल्वर के बट से मार कर जख्मी कर दिया. इसके बाद हाथ पैर बांध कर छोड़ दिया. बदमाशों ने कंपनी के पिकअप वैन पर भी लगभग 250 पीस एलइडी टीवी लाद कर चलते बने.
इसके साथ ही नकद 35 हजार व चांदी के स्थापित गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमा को भी अपने साथ ले गये. हालांकि बदमाशों की करतूत गोदाम सह ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी. पीड़ित की मानें तो जाने के क्रम में बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरा व फोन, नेट सब का कनेक्शन काट दिया. सोमवार की सुबह जब इसकी जानकारी हुई तब वह गोदाम पहुंचे.
पीड़ित के अनुसार दीपावली व धनतेरस को लेकर बाजार को देखते हुए माल का मंगाया गया था. टीवी यहां से आरा, अरवल समेत अन्य जिलों में भेजा जाता है. पीड़ित के अनुसार लूटे गये टीवी की कीमत करीब 50 लाख रुपये से अधिक है. हालांकि ऑनलाइन व्यवस्था के कारण स्टॉक का मिलान कराया जा रहा है.
गार्ड ने बताया कि गोदाम में घुसे बदमाशों की उम्र करीब 25 से 35 वर्ष के बीच होगी. वह इशारों में बात कर रहे थे. एक के हाथ में डंडा था. मेहंदीगंज थानाध्यक्ष लालमुनि दूबे ने बताया कि पिकअप वैन वैशाली के सराय थाना क्षेत्र में सड़क पर लावारिस मिला है. इसके बाद पुलिस की एक टीम सराय जांच-पड़ताल के लिए गयी है.
बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्टल दिखा तीन लाख लूटे
खगौल : सोमवार को बेखौफ बाइक सवार दो बदमाशों ने कोथवा पंचायत के मुर्गीयाचक के पास निसरपुरा टेहटा जहानाबाद निवासी अमरेश कुमार को पिस्टल भिड़ा तीन लाख से भरा बैग लूटकर फरार हो गये.
बदमाशों अमरेश को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया पीड़ित अमरेश कुमार दिल्ली में निजी कंपनी में काम करते हैं. वह बेटी की शादी के लिए कपड़े व कम्युनिटी हॉल बुक करने के लिए सोमवार को साढू के बेटे शुभम के साथ वॉल्मी स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से तीन लाख रुपये निकाल शुभम की कार से मुर्गीयाचक समधी के घर जैसे ही पहुंचे. पीछा कर रहे बदमाशों ने उन्हें कार से निकलते ही बैग छीनने की कोशिश की बैग देने में आनाकानी किया तो धक्का देते हुए पिस्टल दिखाते हुए बैग में रखा तीन लाख लेकर भाग निकले.
घटना के बाद पीड़ित थाना पहुंच पुलिस को जानकारी दी. थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मुकेश ने बताया कि पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जायेगा. बतादें कि दो दिन पूर्व भी रेलकर्मी से बदमाशों ने पांच लाख रुपये लूट लिया था.
