पटना : पटना विश्वविद्यालय, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के बाद अब मगध विश्वविद्यालय के द्वारा भी स्नातक की सभी परीक्षाओं को अगले आदेश के लिए स्थगित कर दिया गया है. इसकी अधिसूचना जारी कर दी गयी है.
सभी केंद्राधीक्षकों, प्राचार्यों को यह निर्देश दिये गये हैं वह यह जानकारी अपने कॉलेजों में नोटिस के जरिये जारी कर दें. इसके अतिरिक्त वेबसाइट पर भी सूचना प्रकाशित कर दी गयी है. शनिवार को भारी बारिश के बावजूद परीक्षा आयोजित की गयी थी जिसके वजह से छात्रों को काफी परेशानी हुई थी. कई छात्रों की इस वजह से परीक्षाएं छूट गयी थीं.
कुछ परीक्षा केंद्रों पर पानी घुसने की वजह से अव्यवस्था का आलम हो गया था और छात्रों ने हंगामा भी किया था. इसी के बाद मगध विवि प्रशासन के द्वारा उक्त निर्णय लिया गया है.
पीपीयू में बीएड की परीक्षा अब 11 अक्तूबर से : पीपीयू में बीएड प्रथम वर्ष की परीक्षा जिसे स्थगित कर दिया गया था वह अब 11 अक्तूबर से 15 अक्तूबर के पूर्व शेड्यूल से ही होगी. मीडिया प्रभारी डॉ बीके मंगलम ने बताया कि छात्र हित एवं विशेष आपदा की स्थिति में विवि प्रशासन ने ऐसा निर्णय लिया है. उन्होंने कहा कि क्लास सस्पेंशन को लेकर कोई आर्डर नहीं जारी किया गया है.
शैक्षणिक संस्थान हुए जलमग्न : राजधानी के लगभग सभी शैक्षणिक संस्थान जलमग्न हो चुके हैं. पटना कॉलेज, साइंस कॉलेज, बीएन कॉलेज, मगध महिला कॉलेज, पटना वीमेंस कॉलेज, बीडी कॉलेज, कॉलेज ऑफ कॉमर्स समेत तमाम कॉलेजों में पानी घुसा हुआ है. कहीं घुटने भर तो कहीं कमर तक पानी है. कई जगह क्लास रूम में पानी घुस गया है. इस वजह से कॉलेजों में पढ़ाई-लिखाई की स्थिति भी नहीं है. परीक्षाएं तो दूर की बात है.
छात्र-छात्राएं सेफ्टी का रखें ध्यान
पटना विश्वविद्यालय या किसी अन्य विवि के द्वारा क्लास सस्पेंड होने का आर्डर नहीं जारी किया गया है. न ही राजभवन से ही ऐसी कोई सूचना है. इसलिए कॉलेज व विवि तो खुले रहेंगे लेकिन छात्रों से प्रभात खबर की अपील है कि अपनी सेफ्टी का ध्यान रखकर ही कॉलेज आने की सोचें. क्योंकि कॉलेज में वैसे भी फिलहाल क्लास होने की स्थिति नहीं है.
