पटना : राज्य में रविवार सुबह तक गंगा नदी के जलस्तर में कमी की संभावना है. वहीं कोसी, गंडक, सोन, पुनपुन, बागमती और कमला बलान के जलस्तर में बढ़ोतरी हो सकती है. शनिवार दोपहर दो बजे तक कोसी नदी में बराह बराज से 95 हजार 450 क्यूसेक और बीरपुर बराज से एक लाख 33 हजार 845 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था.
वहीं गंडक नदी में वाल्मीकि नगर बराज से 50 हजार 600, सोन नदी में इंद्रपुरी बराज से 91 हजार 63, फल्गु नदी में उदेरास्थान बराज से 16 हजार 465 और उत्तरी कोयल नहर में मोहम्मदगंज बराज से 36 हजार 950 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. हालांकि जल संसाधन विभाग ने राज्य में अपने सभी तटबंधों को सुरक्षित होने का दावा किया है.
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार शनिवार को गंगा नदी का जलस्तर बक्सर में खतरे के निशान से 29 सेमी नीचे था, इसमें रविवार दोपहर तक छह सेमी कमी की संभावना है.
वहीं पटना के दीघाघाट में यह खतरे के निशान से 23 सेमी ऊपर था, इसमें एक सेमी कमी हो सकती है. पटना के गांधीघाट में खतरे के निशान से 81 सेमी ऊपर था, इसमें परिवर्तन की संभावना नहीं है. पटना के हाथीदह में खतरे के निशान से 84 सेमी ऊपर था, इसमें छह सेमी कमी हो सकती है.
मुंगेर में यह खतरे के निशान से 15 सेमी ऊपर था, इसमें छह सेमी कमी की संभावना है. भागलपुर में यह खतरे के निशान से 58 सेंमी ऊपर था, इसमें परिवर्तन की संभावना नहीं है. कहलगांव में यह खतरे के निशान से 96 सेमी ऊपर था, इसमें चार सेमी बढ़ोतरी हो सकती है. साहेबगंज में यह खतरे के निशान से 102 सेमी ऊपर था, इसमें परिवर्तन की संभावना नहीं है.
सोन और पुनपुन में हो सकती है बढ़ोतरी : सोन नदी का जलस्तर मनेर में खतरे के निशान से 23 सेमी ऊपर था, इसमें तीन सेमी बढ़ोतरी हो सकती है. पुनपुन नदी श्रीपालपुर में खतरे के निशान से 101 सेमी नीचे थी, इसमें 101 सेमी बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं घाघरा नदी का जलस्तर दरौली, गंगपुरसिसवन और छपरा में घट रहा है.
गंडक नदी का जलस्तर खड्डा, डुमरियाघाट में घट रहा है. गंडक नदी का जलस्तर रेवाघाट में खतरे के निशान से 100 सेमी नीचे था, इसमें सात सेमी बढ़ोतरी हो सकती है. गंडक नदी हाजीपुर में खतरे के निशान से 87 सेमी नीचे थी, इसमें 10 सेमी बढ़ोतरी की संभावना है.
बूढ़ीगंडक में कमी, बागमती में बढ़ोतरी : बूढ़ीगंडक नदी का जलस्तर खगड़िया में खतरे के निशान से 156 सेमी ऊपर था, इसमें पांच सेमी कमी हो सकती है. बागमती नदी का जलस्तर ढेगब्रिज में खतरे के निशान से 20 सेमी ऊपर था, इसमें 12 सेमी बढ़ोतरी हो सकती है. यह नदी रुन्नी सैदपुर में खतरे के निशान से 179 सेमी ऊपर थी, इसमें 58 सेमी बढ़ोतरी हो सकती है.
