दो चोरी की बाइकें बरामद चौक थाना क्षेत्र में खदेड़ कर पुलिस ने पकड़ा, तीन फरार होने में रहे सफल
पटना : पटना पुलिस की टीम ने चौक थाने के कंगन घाट के समीप कोढ़ा गैंग के एक शातिर अपराधी प्रतीक यादव को पकड़ लिया. हालांकि इस गिरोह के तीन सदस्य बाइक को छोड़ कर फरार हो गये. प्रतीक यादव पटना जिले के कई थाना क्षेत्रों में लूट व छिनतई की घटनाओं को अंजाम दे चुका है. कोढ़ा गैंग के सदस्य पटना जिले के बैंकों में सक्रिय रहते हैं.
बैंक के अंदर किसी को भी रुपया निकालते हुए देख लेते हैं और फिर उसका पीछा शुरू कर देते हैं. इसके बाद मौका मिलने पर रुपयों से भरा बैग छीन कर भाग जाते हैं. प्रतीक ने पुलिस के समक्ष अपने साथियों के नामों की जानकारी दी है, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. पुलिस ने दो बाइकों को भी जब्त किया है. सिटी एसपी पूर्वी जितेंद्र कुमार ने बताया कि प्रतीक यादव कई घटनाओं को अंजाम देकर फरार था. इसके अन्य साथियों को भी पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है. बरामद बाइक भी चोरी की है.
एसबीआइ हाजीगंज के पास बना रहे थे अपराध की योजना : सिटी एसपी पूर्वी जितेंद्र कुमार को गुप्त सूचना मिली कि कोढ़ा गैंग के कुछ अपराधी हाजीगंज स्थित एसबीआइ बैंक के समीप अपराध की योजना बना रहे हैं.
इस पर सिटी एसपी ने चौक पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिया. इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की] तो चार की संख्या में रहे अपराधी दो बाइकों पर सवार हो कर भागने लगे. पुलिस ने भी पीछा किया, तो सभी अपराधी भागते-भागते कंगन घाट पर पहुंच गये, जहां दोनों बाइक छोड़ कर तीन अपराधी निकल कर भागने में सफल रहे, लेकिन प्रतीक यादव को गिरफ्तार कर लिया गया. प्रतीक यादव व उसके गिरोह ने हाल में ही गोपालपुर थाना क्षेत्र में एसबीआइ से दो लाख रुपये निकाल कर जा रहे धीरज कुमार से लूटपाट की थी.
