पटना : स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने शुक्रवार को आइजीआइएमएस में तैयार हो चुके विभिन्न भवनों का शुक्रवार को उद्घाटन किया. इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल परिसर का निरीक्षण करते हुए जायजा भी लिया.
सबसे पहले उन्होंने माइक्रो बायोलॉजी डिपार्टमेंट के नये भवन का उद्घाटन किया, इसके बाद नये पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया. इसके बाद वे अस्पताल परिसर में बनाये गये नये आवासीय एनइ ब्लॉक का भी उद्घाटन करने पहुंचे. उन्होंने अंत में परिसर में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के द्वारा सीएसआर मद से निर्मित परिजन आश्रय सह विश्राम स्थल का उद्घाटन किया. मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार सुविधाएं बहाल करने के लिए हर संभव काम कर रही है.
अब आवश्यकता है कि मरीजों को सुविधाएं मिले, उनका इलाज बेहतर तरीके से हो और उनकी परेशानी खत्म हो. सरकार आगे भी सुविधाएं देने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी. मौके पर अस्पताल के निदेशक डॉ एनआर विश्वास, अस्पताल अधीक्षक डॉ मनीष मंडल व अन्य मौजूद थे.
