बाढ़/अथमलगोला : बाढ़ प्रखंड मुख्यालय से महज तीन किलोमीटर दूर बेढ़ना पश्चिमी पंचायत का जायजा लेने शुक्रवार की सुबह 10:35 में प्रभात खबर की टीम पहुंची. पंचायत सरकार भवन में डाटा एंट्री आॅपरेटर राहुल कुमार, लेखापाल मोहम्मद तारिक अख्तर, ग्राम कचहरी सचिव राकेश कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबंधक पूजा चंद्रा आदि कार्यालय में मौजूद थे.
पंचायत भवन में ‘सरकार’ बैठते नहीं, जनता जाये तो कहां
बाढ़/अथमलगोला : बाढ़ प्रखंड मुख्यालय से महज तीन किलोमीटर दूर बेढ़ना पश्चिमी पंचायत का जायजा लेने शुक्रवार की सुबह 10:35 में प्रभात खबर की टीम पहुंची. पंचायत सरकार भवन में डाटा एंट्री आॅपरेटर राहुल कुमार, लेखापाल मोहम्मद तारिक अख्तर, ग्राम कचहरी सचिव राकेश कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबंधक पूजा चंद्रा आदि कार्यालय में मौजूद थे. मुखिया […]

मुखिया सोनी देवी भी पहुंची. उन्होंने तो कुछ नहीं कहा, लेकिन उनके पति ने कहा रोजगार सेवक नवीन कुमार और आवास सहायक पंकज सिंह क्षेत्र भ्रमण करने के बाद कार्यालय पहुंचते हैं .
बाढ़ के प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा प्रखंड कार्यालय का काम कुछ कम हुआ है. पंचायत सरकार भवन ने पूर्ण रूप से काम करना शुरू कर दिया है. अब जाति, आवासीय, जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र पंचायत सरकार भवन से निर्गत होना शुरू हो गया है .
बाढ़ प्रखंड की शहरी पंचायत सरकार भवन का जायजा लेने शुक्रवार को प्रभात खबर की टीम 11.40 बजे पहुंची, तो आरटीपीएस सेंटर बंद था. बताया गया कि सोमवार से बुधवार तक आरटीपीएस सेंटर काम करता है. भवन में बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधा नहीं थी.
तीन लोग कार्यालय में उपस्थित पाये गये, जिनमें डाटा एंट्री ऑपरेटर रामकुमार, कचहरी सचिव जूली कुमारी व विकास मित्र नीलम कुमारी के अलावा कोई मौजूद नहीं था. बीडीओ अमरेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि शहरी पंचायत सरकार भवन में बुनियादी सुविधा के लिए प्रयास किया जा रहा है . लोगों ने कहा कि जनप्रतिनिधि और न ही कर्मी कभी यहां आते हैं.
सामुदायिक भवन में चल रहा है पंचायती कार्य
दुल्हिनबाजार. प्रखंड की सीही पंचायत में पंचायत सरकार भवन का अब तक उद्घाटन नहीं हुआ है. इस कारण सामुदायिक भवन से ही पंचायत का कामकाज चल रहा है.शुक्रवार को जब प्रभात खबर की टीम 10.45 बजे जब गांव के सामुदायिक भवन परिसर में पहुंची तो पंचायत की मुखिया आशा देवी व सरपंच रजनी देवी के पति विनय कुमार यादव लोगों की समस्याओं को सुन रहे थे. मुखिया आशा देवी ने बताया की अभी नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन का उद्घाटन नही हुआ है.
मनेर में एक ही सरकार पंचायत भवन
मनेर. मनेर प्रखंड की 19 पंचायत में से मात्र एक ही पंचायत किता चौहत्तर मध्य में पंचायत सरकार भवन है. कई मुखिया अपने घर से ही पंचायत का कामकाज निबटाते हैं. किता चौहत्तर मध्य पंचायत के भवानी टोला पंचायत सरकार भवन में जब प्रभात खबर की टीम पहुंची तो पंचायत भवन के परिसर में मुखिया राधेश्याम सिंह फरियादियों की समस्याओं को सुन रहे थे. चार- पांच लोग अपनी बात लेकर पहुंचे थे. मुखिया फरियादियों के काम करने में लगे थे, जबकि सरपंच दिखायी नहीं दिये.
पंचायत सरकार भवन चौड़ा में आरटीपीएस काउंटर बंद था
खुसरूपुर. पंचायत सरकार भवन चौड़ा, खुसरूपुर में शुक्रवार की दोपहर आरटीपीएस काउंटर बंद था. कार्यपालक सहायक अजय कुमार पंचायत भवन के अंदर थे. पंचायत भवन में प्रखंड परियोजना प्रबंधक राजेश्वर शर्मा ,डाटा इंट्री ऑपरेटर हरीश रंजन व लेखापाल प्रियंका कुमारी मौजूद थे.
रोस्टर के हिसाब से पंचायत सचिव जलेश्वर शुक्ला नहीं थे. न्याय मित्र अजीत कुमार नहीं थे. रोजगार सेवक मो. मुर्तजा खान ,सचिव ग्राम कचहरी उमेश प्रसाद सिंह नहीं थे,कृषि सलाहकार मो. कामरान नहीं थे,विकाश मित्र सर्बिला कुमारी नहीं थी,कॉमन सर्विस सेंटर कर्मचारी निरंजन कुमार नहीं थे.
बिजली मिस्त्री मुकेश कुमार भी मौजूद नहीं थे. हाजिरी रजिस्टर में एक से छह सितंबर तक किसी की हाजिरी नहीं बनी हुई थी. प्रखंड परियोजना प्रबंधक पदाधिकारी से पूछा गया कि सारे लोग छुट्टी पर हैं तो उन्होंने जवाब दिया कि नहीं सब प्रतिदिन आते हैं.
सभी की हाजिरी नहीं बनाये जाने के सवाल का उन्होंने कोई उत्तर नहीं दिया. यहां के कर्मी जुगाड़ तकनीक के सहारे अपना काम चला रहे हैं. फोन पर जनप्रतिनिधियों से बात हुई तो सभी ने अपनी- अपनी पंचायत में जनता के बीच बताया. जुगाड़ हाजिरी के सवाल पर खुसरूपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी आनंद प्रकाश ने बताया कि हमें भी चौड़ा पंचायत भवन की कई शिकायत मिली है. सभी को शो-कॉज किया गया है .
बिहटा. प्रखंड की 26 पंचायत में से श्रीचंद्रपुर पंचायत में पंचायत सरकार भवन करीब दो महीने पहले बनकर तैयार हुआ है. 10 दिन पहले भवन को पंचायत के मुखिया पप्पू सिंह को सौंपा गया है. मुखिया ने बताया कि जल्द ग्रामसभा की बैठक होगी. सरपंच का कहना है कि अभी हमें कमरा नहीं मिला है.
गोरखरी पंचायत सरकार भवन उदासीनता का है शिकार
बिक्रम : गोरखरी पंचायत सरकार भवन में शुक्रवार को 10:30 बजे सन्नाटा था. प्रभात खबर की टीम जब पहुंची तो लेखापाल अमर कुमार अपनी शर्ट उतार कर टेबुल पर पैर रख कर अाराम फरमाते मिले. जब कैमरे की नजर पड़ी हड़बड़ा कर शर्ट पहन ली. डाटा ऑपरेटर सिद्धार्थ शंकर का कंप्यूटर खराब था.
जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी के उदासीन रवैये के कारण आमजनों काे पंचायत सरकार भवन से लाभ नहीं मिल पा रहा है. ग्रामीण बताते हैं कि विभागीय लापरवाही के कारण गोरखरी पंचायत का सरकार भवन गांव के बाहर बना हुआ है. जाने का मात्र एक पगडंडी ही रास्ता है, जिसके कारण वृद्ध योजना का लाभ नही लेने पहुंच पा रहे हैं.
रोस्टर के अनुसार पंचायत सरकार भवन में मुखिया, पंचायत सचिव, विकास मित्र, न्याय मित्र, न्याय सचिव, रोजगार सेवक, राजस्व कर्मचारी, सरपंच , उप सरपंच, आवास सहायक, बीएओ, पंचायत समिति सदस्य, पैक्स अध्यक्ष किसान सलाहकार की उपस्थिति अनिवार्य है, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के कारण एक चौथाई भी कर्मचारी व जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचते हैं.
पालीगंज : अधूरी सेवा मिल रही है पंचायत सरकार भवन में
पालीगंज. प्रखंड की कटका- पैगंबरपुर पंचायत में छह माह से पंचायत सरकार भवन काम कर रहा है. शुक्रवार की सुबह 10 बजे मुखिया कर्नल नासिर हुसैन अपने कक्ष में ग्रामीणों के समस्या सुन कर उसका निबटारा कर रहे थे. 10.05 बजे तक कृषि सलाहकार राजीव कुमार रंजन और आवास सहायक मोहम्मद तारिक हुसैन पहुंच गये. पंचायत रोजगार सेवक कमलेश कुमार पहले से मौजूद थे.
विकास मित्र नागमणि कुमारी, राजस्व कर्मचारी गुप्तेश्वर सिंह, एएनएम कंचन कुमारी का दो बजे तक पता नहीं था. मुखिया कर्नल हुसैन ने बताया कि विकास मित्र, राजस्व कर्मचारी व एएनएम जब से पंचायत सरकार भवन ने काम करना शुरू किया है तब से से अब तक कभी नहीं आये हैं.
फतुहा की रूकुनपुर पंचायत में कभी-कभी आते हैं मुखिया, आमजन परेशान
फतुहा : प्रखंड की 15 पंचायतों में से तीन में ही पंचायत सरकार भवन है, लेकिन कामकाज सिर्फ रूकुनपुर पंचायत में ही शुरू हुआ है. अभी यहां कर्मी नहीं आते हैं, जिससे आमजन परेशान हैं. मसाड़ी और मौजीपुर पंचायत के विक्रमपुर में पंचायत सरकार भवन बनकर तैयार है,लेकिन कामकाज शुरू नहीं हो पाया है.
शुक्रवार को रुकुनपुर पंचायत सरकार भवन में मुखिया उमेश ठाकुर,पंचायत सचिव देवेंद्र कुमार, राजस्व कर्मचारी जगदीश पासवान, न्याय मित्र मधु कुमारी ,पंचायत रोजगार सेवक रोशन कुमार,इंदिरा आवास सहायक रूबी कुमारी, विकास मित्र रिंकू देवी व किसान सलाहकार संजय कुमार सभी अनुपस्थित थे.लोगों ने बताया कि मुखिया कभी-कभी आते हैं. कर्मचारी नहीं आते हैं.आरटीपीएस काउंटर पर भीड़ देखी गयी,लेकिन बाकी जगहों पर सन्नाटा पसरा था.