अगले माह के अंत तक शुरू हो जायेगा 16 हजार स्कूलों में पोषण वाटिका का निर्माण

पटना : अगले माह के अंत तक 16 हजार विद्यालयों में पोषण वाटिका का निर्माण शुरू हो जायेगा. इसके लिए सर्वेक्षण का कार्य चल रहा है. पोषण वाटिका के निर्माण के लिए कम से कम 500 वर्ग मीटर जगह चाहिए. साथ ही यह भी शर्त है कि यह जमीन बच्चों के सुबह के प्रार्थना और […]

पटना : अगले माह के अंत तक 16 हजार विद्यालयों में पोषण वाटिका का निर्माण शुरू हो जायेगा. इसके लिए सर्वेक्षण का कार्य चल रहा है. पोषण वाटिका के निर्माण के लिए कम से कम 500 वर्ग मीटर जगह चाहिए. साथ ही यह भी शर्त है कि यह जमीन बच्चों के सुबह के प्रार्थना और खेलने कूदने वाली जगह को छोड़कर हो.

सर्वेक्षण के दौरान इसे देखा जा रहा है जो सितंबर मध्य तक पूरा कर लिया जायेगा. उसके बाद मानकों पर खड़े उतरने वाले विद्यालयों का चयन कर सितंबर के अंत तक उनमें पोषण वाटिका का निर्माण शुरू कर दिया जायेगा.
विदित हो कि जुलाई 2016 में पूर्णिया जिले के 100 स्कूलों से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में पोषण वाटिका के निर्माण की योजना शुरू हुई. इसकी सफलता को देखते हुए फरवरी 2018 में इसे अन्य जिलों के स्कूलों में भी फैलाने का फैसला हुआ और जुलाई 2019 में इसे 20 हजार विद्यालयों में बनाने का निर्णय हुआ. हालांकि अभी इसकी संख्या 4 हजार तक ही पहुंची है और शेष 16 हजार पोषण वाटिका का निर्माण होना है.
वाटिका शुरू करने को मिलेंगे पांच हजार
चयनित स्कूलों को पोषण वाटिका शुरू करने के लिए पांच हजार रुपये मिलेगा. यह केंद्र सरकार की फ्लेक्सी फंड से नवाचार के नाम पर दिया जायेगा. इस राशि से विद्यालयों में पोषण वाटिका के लिए उर्वरक, बीज, पाइप, कुदाल, खुरपी जैसे उपकरणों को खरीदा जायेगा. अायरन से भरपूर पत्तेदार साग सब्जियों को उपजाने पर इस योजना में जोर दिया जा रहा है.
3400 स्कूलों में इस्तेमाल हो रही पोषण वाटिका की साग सब्जी : 3400 स्कूलों के मध्यान्ह भोजन में पोषण वाटिका की साग सब्जी इस्तेमाल हो रही है जबकि 600 स्कूलों में बाढ़ के पानी से इन्हें नुकसान पहुंचा है.
इसमें सीतामढी, अररिया, मधुबनी समेत 10 बाढ़ प्रभावित जिले शामिल हैं. जहां बाढ़ का पानी बह गया है वहां इन्हें दोबारा लगाने का प्रयास किया जा रहा है जबकि जहां ये पानी में डूबे हैं वहां पानी हटने का इंतजार किया जा रहा है.
स्कॉच अवार्ड के लिए नामांकित : पोषण वाटिका को पिछले सप्ताह स्कॉच अवार्ड के लिए भी नामांकित किया गया है. इसका प्रेजेंटेशन देने के लिए छह अगस्त को मध्यान्ह भोजन योजना के उपनिदेशक जीवेंद्र झा को दिल्ली बुलाया गया था. उपनिदेशक, मध्यान्ह भोजन योजना जीवेंद्र झा ने बताया कि चार हजार विद्यालयों में पोषण वाटिका योजना शुरू हाे चुकी है. अगले माह के अंत तक हम 16 हजार और नये विद्यालयों में इसे शुरू कर देंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >