पटना : बुधवार को पूर्व मध्य रेल जीएम ललित चंद्र त्रिवेदी पटना-मुंगेर रेलखंड का निरीक्षण करने से पहले पटना जंक्शन पहुंचे. जीएम ने जंक्शन पहुंच कर औचक निरीक्षण किया.
इस दौरान जीएम ने प्लेटफॉर्म संख्या-एक, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट बुकिंग ऑफिस, फूट ओवर ब्रिज एस्केलेटर और नव निर्मित वेटिंग हॉल का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान ही जीएम ने दानापुर रेलमंडल के डीआरएम रंजन प्रकाश ठाकुर को निर्देश दिया कि मंडल के सभी ऐतिहासिक महत्व वाले स्टेशनों को पटना जंक्शन जैसा सजाना सुनिश्चित करें. ऐतिहासिक स्टेशनों को उस स्थान की महत्व को दर्शाने वाली बोर्ड ठीक उसी तरह लगाये, जिस तरह पटना जंक्शन पर लगाये गये है. इसके साथ ही जीएम ने निर्देश दिया कि स्टेशन पर लगे सभी डिस्प्ले बोर्डों को मानक के अनुरूप इंस्टॉल कराएं, ताकि डिस्प्ले बोर्ड में एकरूपता दिखे. वहीं, खराब व जर्जर हो चुके डिस्प्ले बोर्डों को तत्काल हटाना सुनिश्चित करें. जीएम ने रेलमंडल के अधिकारियों से कहा कि अनारक्षित टिकट बुकिंग के लिए यूटीएस मोबाइल एप है.
पूर्व मध्य रेलवे के जीएम ललित चंद्र त्रिवेदी बुधवार को पटना-मोकामा-बरौनी-सबदलपुर-मुंगेर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग से निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान जीएम ने मुंगेर में गंगा नदी पर बने रेल पुल के साथ-साथ सबदलपुर-मुंगेर-जमालपुर रेलखंड के विद्युतीकरण कार्य भी देखा. जीएम ने संबंधित अधिकारी व एजेंसी को सख्त निर्देश दिया कि विद्युतीकरण का कार्य अगले माह तक पूरा करना सुनिश्चित करें.
रेलखंड की विद्युतीकरण कार्य देखने के बाद जीएम किऊल स्टेशन पहुंचे, जहां बन रहे नये पुल और यार्ड रिमॉडलिंग के कार्य का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि किऊल में बन रहे दोहरी लाइन वाले रेल पुल को यार्ड रिमॉडलिंग के साथ जोड़ा जाये, ताकि परिचालन व्यवस्था सुदृढ़ रहे
