पटना : जिले के 11 स्कूलों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का औचक निरीक्षण के लिए गयी टीम को करीब 62 फीसदी बच्चे स्कूल से नदारद मिले. इन सभी स्कूलों में 2642 बच्चे नामांकित हैं.
इनमें 1630 बच्चे अनुपस्थित मिले. इसके अलावा कई स्कूलों में शिक्षकों की अध्यापन गुणवत्ता भी सही नहीं पायी गयी. आधिकारिक जानकारी के मुताबिक सभी 11 विद्यालयों में 51 शिक्षकों की पदस्थापना है. इनमें केवल 40 शिक्षक ही मौजूद मिले. निरीक्षण किये गये विद्यालयों में छह शिक्षक ऐसे थे, जिनका काम संतोषजनक नहीं पाया गया. 11 में से एक विद्यालय में मध्याह्न भोजन वितरण नहीं किया गया. निरीक्षण में शामिल विद्यालय सभी प्रखंडों में से चुने गये थे.
इधर, राज्य के तीन सौ प्राथमिक व मध्य विद्यालयों की शनिवार का औचक जांच हुई. विद्यालयों में जांच के लिए टीम गठित की गयी. सभी जांच टीमें स्कूल खुलने के साथ वहां पहुंच कर 10 बिंदुओं पर जांच की. जांच टीम मुख्यालय को रिपोर्ट भेजेगी. इसके पहले भी स्कूलों की जांच कराई गई. इसमें कई विद्यालयों में शिक्षक नदारद पाये गये. कहीं शिक्षकों का देर से स्कूल आना हुआ था. स्कूल में पूरी संख्या में बच्चे भी नहीं थे. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को जांच का जिम्मा मिला. मुख्यालय से ही किस अधिकारी को किस विद्यालय में जाकर जांच करनी है.
