जिले के प्रभारी मंत्री नंद किशोर यादव ने की बाढ़-सुखाड़ की समीक्षा बैठक
पटना : जिले के प्रभारी मंत्री नंद किशोर यादव ने बाढ़-सुखाड़ की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक की. इस दौरान प्रभारी सचिव आनंद किशोर, जिलाधिकारी कुमार रवि व उपविकास आयुक्त
सुहर्ष भगत सहित अन्य संबंधित विभागों अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे. समीक्षा के बाद मंत्री ने बताया कि जिले में अब तक 42 फीसदी कम बारिश हुई है. अब तक 479.7 एमएम के बदले 277.05 एमएम ही बारिश हुई है. घोसवरी, धनरूआ, संपतचक, दानापुर, विक्रम, पंडारक, विक्रम, मोकामा, पालीगंज में 200 एमएम से भी कम बारिश हुई है.
उन्होंने कहा कि सुखाड़ में किसानों की राहत के लिए सभी तैयारियों को पूरा कर लेने के निर्देश दिये गये हैं. वहीं बख्तियारपुर के काला दियारा व चिरैया पंचायत में बाढ़ कटाव की रिपोर्ट भी देखी गयी. 18 अगस्त को मुख्यमंत्री की ओर से राज्य स्तर पर होने वाली बाढ़-सुखाड़ की समीक्षा बैठक में जिले की रिपोर्ट पर चर्चा होगी.
प्रभारी मंत्री ने बाढ़ सुखाड़ के अलावा जल जीवन एवं हरियाली योजना की भी समीक्षा की गयी. इस दौरान उन्होंने बताया कि जिले में फिलहाल 31 हजार 472 हैंडपंप चालू हैं. पूर्वी क्षेत्र में 16351 हैंडपंप व पश्चिमी क्षेत्र में शेष हैंडपंप है. वहीं बाकी जरूरत के अनुसार 15 अगस्त तक सर्वे के साथ नये हैंडपंप को लगाया जायेगा.
ये भी हुए निर्णय
सात अगस्त पर प्रभारी मंत्री मुख्यमंत्री को सौंपेंगे रिपोर्ट. सभी प्रखंडों में वर्षा मापक यंत्र चालू स्थिति रहेंगे. प्रत्येक सप्ताह कृषि टास्क फोर्स की सुखाड़ की समीक्षा करेगी. जिले में 42.22 फीसदी धान व मक्का का 65 फीसदी का आच्छादन हुआ है.100 फीट के दायरे में दूसरा चापाकल नहीं लगाया जायेगा. 1713 हथिया चापाकल की मरम्मती की गयी है. 2013 के बाद लगे पेड़ों की जिम्मेदारी वन विभाग की है.
पटना : विधायक ने मंत्री को घेरा, जिप नेताओं ने उठाये सवाल
पटना : प्रभारीमंत्री नंद किशोर यादव की समीक्षा बैठक में कुम्हरार विधायक अरुण कुमार सिन्हा, विधान पार्षद गुलाम रसूल बलियावी, सीपी सिन्हा, विधायक राम बच्चन राय, विधायक रणविजय सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष अंजू देवी, मेयर सीता साहु सहित अन्य अन्य लोग मौजूद थे. बैठक में बाहर निकलने के बाद विधायक अरुण कुमार सिन्हा ने कहा कि शहर के गुणसागर व बहादुरपुर बड़े तालाब हुआ करते थे.
अब इनके भू-खंडों पर अतिक्रमण हो कॉलोनियां बस गयी हैं, लेकिन बहादुरपुर जैसे तालाबों का कुछ भाग बचा है, जिसके मरम्मत करने की जरूरत है. लेकिन, उनका प्रस्ताव नहीं तैयार किया गया है.समीक्षा बैठक में जिला परिषद के नेताओं ने भी अपनी मांगों को रखा. जिप अध्यक्ष व दानापुर प्रखंड प्रमुख सुनील राम व पटना सदर प्रमुख अमरजीत कुमार ने कहा कि जिले में सुखाड़ की स्थिति को देखते हुए किसानों के बिजली माफ करने की जरूरत है.
