पीजी परीक्षा की तिथि बढ़ाने को लेकर छात्रों का हंगामा
कहा, फरवरी तक नामांकन लिया गया और इतनी जल्दी ली जा रही परीक्षा
पटना : पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय मुख्यालय में छात्र संघ के पदाधिकारियों ने विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रवीण कुमार को घंटों बंधक बनाये रखा. यही नहीं, उन्होंने परीक्षा नियंत्रक से जबरन इस्तीफा भी लिखवाया. इसको लेकर मंगलवार को विवि का माहौल पूरी तरह गर्म रहा.
दोपहर करीब 12 बजे छात्र संघ अध्यक्ष विकास बॉक्सर सहित कई छात्र पीजी परीक्षा तिथि बढ़ाने सहित अन्य मांगों को लेकर राजेंद्र नगर स्थित विवि मुख्यालय पहुंचे. उन्होंने विवि मुख्यालय में जमकर हंगामा व नारेबाजी करने के बाद परीक्षा नियंत्रक प्रवीण कुमार को घंटों बंधक बनाये रखा. छात्रों का मुख्य रूप से यह कहना था कि फरवरी में नामांकन हुआ और चार महीने में ही परीक्षा ली जा रही है. बीच में एक महीना तक कॉलेज भी बंद था. उन्होंने विवि प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि विश्वविद्यालय पूरी तरीके से भ्रष्टाचार में लिप्त है. बिना कट ऑफ जारी किये ही नामांकन प्रक्रिया एजेंसी के हाथों बेच दी गयी.
मनमाने तरीके से विवि ने नामांकन लिया गया और धांधली हुई. इसका नतीजा यह हुआ कि विवि में करीब पचास प्रतिशत सीटें अभी भी खाली हैं. सभी जगह नामांकन हो गये हैं लेकिन यहां फिर से पोर्टल खोलना पड़ा. स्नातक में भी पढ़ाई लेट होगी. वोकेशनल कोर्स में भी रिजल्ट नहीं आया है.
घेराव करने वालों में छात्र नेता अनुराग हर्ष, अमित पाठक, आकाश सिंह, राहुल कुमार, आदित्य कुमार समेत सभी छात्र मौजूद थे. वहीं, परीक्षा नियंत्रक प्रवीण कुमार ने कहा कि पढ़ाई नहीं हुई, इसकी शिकायत कभी नहीं की गयी, लेकिन परीक्षा तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर छात्र जबरदस्ती दबाव बना रहे हैं. छात्रों ने जबरन लिखवाया तो मजबूरी में इस्तीफा लिखना पड़ा.
