खाद्य सुरक्षा विभाग ने की कार्रवाई, बोतलों की जांच भी की
पटना : बिना अनुमति भूजल का दोहन कर रहे फतुहा में बोतलबंद पानी के दो प्लांट को खाद्य सुरक्षा विभाग ने सील कर दिया है. इनमें एक प्लांट बिसलेरी का जबकि दूसरा हैलो पानी के नाम से है. टीम ने दोनों प्लांट में जाकर पानी के बोतलों की जांच भी की. खास बात रही कि बिसलेरी कंपनी के संचालक ने रजिस्ट्रेशन तो करा लिया था, लेकिन स्थानीय पानी दोहन के कागजात नहीं थे. जबकि हैलो पानी प्लांट के पास लाइसेंस की अवधि काफी पहले समाप्त हो गयी थी.
इसको देखते हुए दोनों पानी निर्माताओं का सारा काम बंद कर फैक्टरी को सील कर दिया है.टीम का नेतृत्व कर रहे फूड इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि फैक्ट्री द्वारा बिना अनुमति के बंद बोतल में पानी भर कर बेची जा रही थी. कोई भी पानी तभी बेच सकता है, जब उसके पास लाइसेंस हो. फैक्ट्री द्वारा तैयार की गयी पानी की सभी बोतल को सील कर कामकाज बंद करा दिया गया है. जब तक सब कुछ क्लियर नहीं होता है, तब तक जल की दोनों फैक्ट्री बंद रहेगी.
