पटना : पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शनिवार को आयुष्मान दवा काउंटर की शुरुआत की गयी. पहले दिन 140 मरीजों को नि:शुल्क दवाएं दी गयीं. ये सभी मरीज आयुष्मान भारत योजना के तहत पीएमसीएच में इलाज कराने आये थे. काउंटर पर कुल 230 तरह की दवाएं उपलब्ध हैं. वहीं कुछ ऐसी भी दवाएं हैं, जो अस्पताल में नहीं मिल रहीं, उन्हें भी खरीद कर मुहैया कराया गया है. आयुष्मान काउंटर पीएमसीएच के इमरजेंसी व मेडिसिन विभाग के ठीक बीच में बनाया गया है.
आयुष्मान के तहत अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर अधीक्षक कार्यालय में एक बैठक हुई. डॉ राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि अस्पताल के सभी हेल्थ मैनेजर, नर्स और विभागाध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठक बुलायी गयी, जिसमें आदेश दिया गया है आयुष्मान कार्ड लेकर आने वाले मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिया जाये.
